प्रदीप गुप्ता/नर्मदापुरम/(सिवनी मालवा) बीएचआरसी ग्रुप एवं रिलाएबल सोशल वेलफेयर सोसायटी द्वारा दीपावली मिलन कार्यक्रम “दीपोत्सव” आयोजित किया गया। “अवध में राम आए हैं” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में श्रीराम, सीता, लक्ष्मण, हनुमान जी की सजीव झांकी का चित्रण किया गया। असत्य पर सत्य की विजय हासिल करके जब भगवान श्री राम अपना वनवास पूर्ण कर अयोध्या लौटते हैं। उस दौरान अवध में बनने वाली दीपावली का नजारा कार्यक्रम में देखने को मिला। झांकी का सभी लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान गगनचुंबी आतिशबाजी तथा मंच से श्रीराम के स्वागत में गीत गाए गए। कार्यक्रम में पधारे सम्माननीय अतिथियों ने राम-सीता की आरती उतारी तथा पुष्प माला पहनाकर स्वागत सत्कार किया, आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात बघेल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर हरदा को एनएबीएच से मान्यता मिलने पर एवं राष्ट्रीय स्तर पर लोगों के पेटेंट (रजिस्टर्ड) होने पर अतिथियों ने लोगो का अनावरण किया। सिवनी मालवा क्षेत्र के गांव थुआ के किसान की बेटी पूजा लौवंशी ने बड़े संघर्षों से डाक्टर की शिक्षा प्राप्त की, जिसकी इस उपलब्धि पर बीचआरसी ग्रुप की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया। कार्यक्रम में बतौर अतिथि सिवनी मालवा क्षेत्र के विधायक प्रेम शंकर वर्मा, आवली घाट के महाराज अनंतवन , समाजसेवी चेतन भार्गव भोपाल, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संतोष पारीक, भाजपा जिलाध्यक्ष माधव दास अग्रवाल, नगर पालिका अध्यक्ष रिंकू जैन, करणी सेना के शंभू सिंह भाटी, रघुवीर राजपूत, लोधा लौवंशी समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेंद्र साध उपस्थित रहे। साथ ही नगर पालिका व ग्रामीण क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि, पत्रकार साथी, नगर के चिकित्सक गण, अधिवक्ता, समाजसेवी, इटारसी तहसील के केसला, सुखतवा तथा तवानगर से पधारे भाजपा के कार्यकर्ता गण, सिवनी मालवा के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से वरिष्ठजन एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में हरदा के आर्केस्ट्रा ग्रुप द्वारा श्री राम, सीता, हनुमान जी की आराधना में मधुर गीतों की प्रस्तुति दी गई। चेतन भार्गव जी ने देशभक्ति, भारतीय संस्कृति तथा हिंदी के महत्व पर ओजस्वी पूर्ण तरीके से अपनी बात रखी। बीएचआरसी ग्रुप के डायरेक्टर डॉ विशाल सिंह बघेल ने बीएचआरसी ग्रुप के बढ़ते कदम, विभिन्न इकाइयों पर अपनी बात रखते हुए सभी के सहयोग पर आभार व्यक्त किया। डॉ पूनम सिंह राजपूत ने एनएबीएच द्वारा मान्यता प्राप्त होने संबंधी जानकारी देने के साथ रिलाएबल सोशल वेलफेयर सोसायटी की गतिविधियों के बारे में बताया। सर्व ब्राह्मण समाज महिला मंडल की ओर से प्रीति शुक्ला, उषा उदासी ने नगर में स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ-साथ सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के बेहतर संचालन हेतु अपनी पूरी टीम के साथ बीएचआरसी ग्रुप के डॉक्टरों का सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन कर रहे ईश्वर विश्नोई ने सभी का आभार माना।

