टीकमगढ़। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार आज 13 सितम्बर 2025 शनिवार को नेशनल लोक अदालत का आयोजन जिला न्यायालय टीकमगढ़ सहित तहसील सिविल न्यायालय निवाड़ी, जतारा एवं ओरछा में किया गया। जिला न्यायालय परिसर स्थित ए.डी.आर. भवन में माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीष श्रीमती प्रवीणा व्यास के मुख्य आतिथ्य में नेशनल लोक अदालत का शुभारंभ मां सरस्वती एवं महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। लोक अदालत के शुभारंभ समारोह में कुटुम्ब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश श्री शमरोज खान, विशेष न्यायाधीश श्री संजय कुमार गुप्ता सहित समस्त न्यायाधीशगण, अध्यक्ष जिला अधिवक्ता संघ, टीकमगढ़ श्री अनिल त्रिपाठी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती सुनीता गोयल, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री अनुज कुमार चंसौरिया, अभियोजन अधिकारीगण, विद्युत विभाग के अधिकारीगण, विभिन्न बैंकों के अधिकारीगण, एल.ए.डी.सी.एस. के पदाधिकारीगण सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारीगण उपस्थित रहे। नेशनल लोक अदालत में जिला एवं तहसील न्यायालयों में लंबित एवं प्री-लिटिगेशन प्रकरणों के निराकरण हेतु कुल 30 खण्डपीठांे का गठन किया गया। उक्त खण्डपीठों में न्यायालयों में लंबित विद्युत अधिनियम के 46 प्रकरण, आपराधिक शमनीय 318 प्रकरण, चैक बाउन्स के 84 प्रकरण, मोटर दुर्घटना दावा के 22 प्रकरण, पारिवारिक विवाद के 172 प्रकरण, सिविल के 33 प्रकरण तथा अन्य 64 प्रकरणों सहित न्यायालयों में लंबित कुल 739 प्रकरणों का निराकरण किया गया। जिनमें कुल राशि 32963883 रूपये के अवार्ड पारित किये गये। इसके साथ ही बैंक बसूली सहितअन्य प्री-लिटीगेशन के कुल 126 प्रकरणों का निराकरण किया गया, जिनमें 887287 रूपये की बसूली की गयी। इस प्रकार कुल 865 प्रकरणों का निराकरण किया गया, जिसमें कुल राशि 33851170 रूपये का अवार्ड पारित किये गये। इस लोक अदालत में 1765 लाभांवित रहे, जिनको न्यायबृक्ष के रूप में औषधि एवं फलदार बृक्ष प्रदाय किये गये।

