टीकमगढ़। राज्य शासन के निर्देशानुसार प्रदेश में 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2025 तक स्वच्छोत्सव थीम पर सेवा पखवाड़ा अभियान चलाया जा रहा है। इसीक्रम में कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय के निर्देशानुसार मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री ओमपाल सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में नगर में कलेक्टरेट रोड पर संचालित एक स्थानीय अशासकीय हाई स्कूल में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों ने मानव शृंखला बनाकर स्वच्छता ही सेवा है का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में मानव शृंखला बनाकर भारत का नक्शा बनाया, जिसके बीच में स्वच्छोत्सव 2025 लिखा। कार्यक्रम में सभी विद्यार्थियों व शिक्षकों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं स्वच्छ रहेंगे और स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत का संदेश घर-घर तक पहुँचाएँगे। विद्यार्थियों द्वारा लगाये गये स्वच्छ भारत अभियान के नारों से विद्यालय परिसर गूंज उठा। यह अभियान टीकमगढ़ को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो सभी नागरिकों के सहयोग से ही संभव हो पायेगा। उक्त कार्यक्रम स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कुमारी श्रेयसी झा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। नगर पालिका सीएमओ श्री ओमपाल सिंह भदौरिया ने बताया कि स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत 25 सितम्बर को नगर में वृहद स्तर पर स्वच्छता जन आंदोलन चलाया जायेगा, जिसके तहत नगर में एक साथ विभिन्न स्थलों की सफाई की जायेगी। कार्यक्रम को सफल बनाये हेतु जनप्रतिनिधियों, गणमान्यजनों तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक आयोजित कर कार्ययोजना बनाई जा रही है।

