टीकमगढ़। जिले में नशे के विरुद्ध निर्णायक कदम उठाते हुए पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में विशेष अभियान “ऑपरेशन नशामुक्ति” 01 से 15 सितम्बर 2025 तक चलाया गया। इस दौरान जिलेभर में अवैध शराब कारोबारियों पर शिकंजा कसते हुए बड़ी कार्यवाही की गई।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखें, सीमावर्ती क्षेत्रों में औचक चेकिंग करें और पहले से संलिप्त आरोपियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी बनाए रखें। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाहा तथा एसडीओपी टीकमगढ़ और जतारा के नेतृत्व में जिलेभर की पुलिस टीमों ने संयुक्त प्रयास करते हुए अभियान को सफल बनाया।
अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 46 प्रकरण पंजीबद्ध कर 46 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में 214 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹67,170 आँकी गई है। सभी मामलों में आबकारी अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध शराब और नशे से दूर रहें तथा एक स्वस्थ, नशामुक्त समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें।
टीकमगढ़ पुलिस का यह संदेश साफ है—नशे और अवैध शराब का अंत तभी संभव है जब जनता और पुलिस साथ खड़े हों।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

