टीकमगढ़। नगर को स्वच्छ बनाने के लिये अभिनव पहल करते हुये जनप्रतिनिधियों, गणमान्यजनों, अधिकारियों, व्यापारियों, स्थानीयजनों, स्वयंसेवा संस्थाओं, छात्र-छात्राओं तथा कर्मचारियों के सहयोग से 25 सितम्बर को बृहद स्तर पर स्वच्छता जन आंदोलन का आयोजन किया जा रहा है। स्वच्छता जन आंदोलन के तहत शहर के स्वच्छता लक्षित इकाई सीटीयू अंतर्गत ऐसे 20 स्थान चिन्हित किये गये हैं, जहां गंदगी अधिक मात्रा में है। इन स्थानों पर लोगों को जागरूक कर बृहद स्तर पर जनआंदोलन चलाकर साफ किया जायेगा। इसके साथ ही कलेक्टर श्री श्रोत्रिय नगर में विभिन्न स्थानों पर स्थानीयजनों से स्वच्छता के लिये चाय पर चर्चा करेंगे, जिसमें सभी से स्वच्छता के लिये सुझाव लिये जायेंगे। उक्त जानकारी नगर पालिका टीकमगढ़ सीएमओ श्री ओमपाल सिंह भदौरिया ने 19 सितंबर 2025 शुक्रवार के दिन नगर पालिका कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में दी। मुख्य नगर पालिका अधिकारी टीकमगढ़ श्री भदौरिया ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय के निर्देशन में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा अभियान अंतर्गत 25 सितम्बर को बृहद स्तर पर नगर में स्वच्छता जन आंदोलन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य नगर की सफाई के साथ-साथ लोगों में जागरूकता फैलाना है कि नगर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी हम सब की है। प्रशासन तथा आमजन मिलकर नगर को स्वच्छ बनाने में अहम भूमिका निभायेंगे। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु विभिन्न स्तर पर जैसे सामाजिक संगठन, स्वयंसेवी संस्थायें, धर्म गुरूओं, नगर के वरिष्ठजनों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्थानीय ग्रुप, विभिन्न विद्यालयों सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारियों से संवाद किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम निःशुल्क आयोजित किया जा रहा है जिसमें विभिन्न संगठनों के द्वारा सहयोग किया जा रहा है। श्री भदौरिया ने बताया कि स्वच्छता जन आंदोलन के लिये नगर में पावर हाउस भवानी सेतु पुल, पुरानी टेहरी, हरदौल मंदिर, महाराजपुरा, हवेली रोड, कटरा बाजार, इंदिरा काॅलोनी, हनुमंत स्कूल के सामने, राजमहल रोड मंदिर के पास, हनुमान मंदिर के पास, बीडी मजदूर काॅलोनी, मैन रोड के पास, डी.जे. सर के बंगला के सामने, प्रेम गार्डन के सामने, पुराना बस स्टैण्ड, डाॅक्टर खान की गली के सामने, न्यू बस स्टैण्ड कलारी के सामने, महेन्द्र कूप काॅलोनी, कुमरियाना महुल्ला, लक्कड़ खाना तथा कमल सेतु बन्डा नहर 20 स्थानों पर श्रमदान कर विशेष सफाई अभियान चलाया जायेगा। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि अभियान के सफल आयोजन हेतु अधिक से अधिक प्रचार करें जिससे आमजन कार्यक्रम में शामिल हो सकें। इस दौरान मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा भी स्वच्छता के संबंध में अपने सुझाव दिये, जिस पर श्री भदौरिया ने अमल करने की बात कही। इस अवसर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओमपाल सिंह भदौरिया,विजय यादव सहित संबंधित नपा के अन्य अधिकारी,कर्मचारी एवं प्रिंट, इलेक्ट्राॅनिक तथा डिजिटल मीडिया के पत्रकार गण उपस्थित रहे।