टीकमगढ़। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा जिले में युवाओं को शिक्षा, खेल और अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में प्रोत्साहित करने के साथ-साथ नशे, अपराध और समाज की बुराइयों से दूर रखने के उद्देश्य से युवा जोड़ो अभियान संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज युवाओं को खेल एवं शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु प्रेरित करने, तकनीकी जानकारी प्रदान करने तथा नशे से दूरी बनाने, यातायात नियमों का पालन करने और अपराध से बचने संबंधी एडवाइजरी जारी की गई है। जिले के सभी युवाओं से अपेक्षा की गई है कि वे इन मार्गदर्शक बिंदुओं को आत्मसात करेंगे और नशा, अपराध व सामाजिक कुरीतियों से दूर रहकर एक उज्ज्वल, अनुशासित एवं सशक्त समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता देंगे।
युवाओं के लिए विशेष मार्गदर्शन
शिक्षा एवं कौशल विकास – अध्ययन और कौशल विकास को प्राथमिकता दें। तकनीकी व डिजिटल शिक्षा अपनाएँ और नए अवसरों का लाभ उठाएँ। समय प्रबंधन और अनुशासन से जीवन में स्थिरता लाएँ।
खेल एवं स्वास्थ्य – नियमित खेलकूद और व्यायाम को आदत बनाएं। मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए योग और ध्यान करें। नशीली और जंक फूड की आदतों से बचें।
नशा मुक्ति – नशे से शरीर, परिवार और समाज सभी नष्ट होते हैं। किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें और दूसरों को भी जागरूक करें।
ट्रैफिक अनुशासन – हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करें। यातायात नियमों का पालन करें। मोबाइल या लापरवाही से वाहन न चलाएँ।
अपराध से दूरी और कानून का पालन – गलत संगत से बचें। असामाजिक गतिविधियों में भागीदारी न करें। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
साइबर सुरक्षा एवं जागरूकता – सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें। अफवाहें, फर्जी मैसेज या भड़काऊ पोस्ट न फैलाएँ। अज्ञात लिंक, ईमेल या संदेशों पर क्लिक करने से बचें। ऑनलाइन ठगी, बैंक धोखाधड़ी और साइबर बुलिंग से सतर्क रहें।
महिला सम्मान एवं सुरक्षा – महिलाओं और बालिकाओं के प्रति सम्मानपूर्ण व्यवहार रखें। छेड़छाड़, अपमान या हिंसा जैसी घटनाओं के प्रति शून्य सहिष्णुता रखें। यदि किसी महिला या बालिका के साथ अनुचित घटना हो रही हो तो सहायता के लिए आगे आएँ और पुलिस को सूचित करें। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसे अभियानों में सक्रिय सहयोग दें।
समाज में व्याप्त कुरीतियों का त्याग – जातिवाद, लैंगिक भेदभाव, अंधविश्वास, दहेज जैसी कुरीतियों को जीवन से दूर रखें। समाज में आपसी भाईचारा और समानता की भावना बनाएँ। स्वच्छता, शिक्षा और सामाजिक सेवा जैसे सकारात्मक कार्यों में योगदान दें।
अपील – जिले के सभी युवाओं से अपेक्षा है कि वे इस एडवाइजरी को गंभीरता से अपनाएँ और समाज में अनुशासित, जागरूक व जिम्मेदार भूमिका निभाएँ। आप सभी का योगदान ही एक सुरक्षित, शिक्षित और समृद्ध समाज का निर्माण करेगा।
संदेश – युवा शक्ति यदि सही दिशा में प्रयुक्त हो तो वह राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत बन जाती है। शिक्षा, सम्मान, अनुशासन और संस्कार ही उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

