टीकमगढ़ के पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने दिनांक 20 सितंबर 2025 को आरक्षक कृष्णकांत दुबेदी को हार्टफुलनेस ध्यान के प्रमाणिक प्रशिक्षक का प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
यह उपलब्धि मध्यप्रदेश पुलिस और अंतरराष्ट्रीय संस्था हार्टफुलनेस के बीच हुए ऐतिहासिक एमओयू के अंतर्गत संभव हुई। इस पहल के तहत प्रदेशभर से चयनित 69 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी हैदराबाद स्थित कान्हा शांति वनम में प्रशिक्षण प्राप्त कर लौटे हैं। प्रशिक्षण में आरआई, डीएसपी, सूबेदार, टीआई, एसआई, एएसआई और कांस्टेबल जैसे विभिन्न पदों पर कार्यरत अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
टीकमगढ़ जिले का प्रतिनिधित्व करने वाले आरक्षक कृष्णकांत दुबेदी ने प्रशिक्षण उपरांत पुलिस अधीक्षक से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर हार्टफुलनेस संस्था के जिला कोऑर्डिनेटर नितिन कुमार बबेले एवं प्रशिक्षक जी.आर. प्रजापति भी उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने कहा:
“हार्टफुलनेस ध्यान पुलिसकर्मियों और आमजन, दोनों के जीवन में संतुलन और शांति लाने का माध्यम है। कृष्णकांत दुबेदी का प्रशिक्षक के रूप में योगदान विभाग और समाज दोनों के लिए लाभकारी होगा।”
हार्टफुलनेस संस्था की ओर से नितिन कुमार बबेले ने पुलिस अधीक्षक को पत्रिका और प्रतीक चिन्ह भेंट किया। संस्था लगातार पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों को तनावमुक्त एवं सकारात्मक बनाए रखने के लिए कार्यरत है।
पुलिस विभाग द्वारा आगामी समय में स्कूल, महाविद्यालय और आम जनता के लिए तीन परिचयात्मक सत्र आयोजित करने का प्रस्ताव है, ताकि हर वर्ग को मानसिक सशक्तता और शांति के लाभ मिल सकें।

