टीकमगढ़। 23 सितम्बर प्रदेश सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा की दिशा में प्रारंभ किए गए विशेष अभिमन्यु अभियान का आज टीकमगढ़ जिले में विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई ने जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराते हुए इसे जन-जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर अभियान से संबंधित दैनिक जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित करें तथा आमजन विशेषकर महिलाओं को इस अभियान के उद्देश्य से परिचित कराएं। साथ ही पुलिस मुख्यालय द्वारा प्रदत्त पोस्टर, शॉर्ट मूवी, स्लोगन आदि का व्यापक प्रचार प्रसार करे
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अभिमन्यु अभियान का मूल उद्देश्य –
* महिलाओं में आत्मविश्वास एवं जागरूकता का विकास,
* घरेलू हिंसा की रोकथाम,
* महिला उत्पीड़न की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण
* महिलाओं/बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने हेतु प्रयास
* पुरुषों में महिलाओं के प्रति सम्मान एवं आदर की भावना जागृत करना
* समाज में व्याप्त अश्लीलता दूर करना
* महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दिलाना तथा
* समाज की मुख्यधारा में उनकी सशक्त भागीदारी सुनिश्चित करना है।
अभियान के अंतर्गत प्रतिदिन विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जिनमें पोस्टर-बैनर रैली, मैराथन दौड़,सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियाँ, जनसंवाद कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक , पेंटिंग प्रतियोगिता, शॉर्ट मूवी का प्रचार प्रसार, अभिमन्यु सॉन्ग का प्रचार प्रसार आदि प्रमुख रहेंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से समाज में महिला सम्मान एवं सुरक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश पहुँचाया जाएगा।
इस अभियान की मॉनिटरिंग स्वयं पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई करेंगे तथा जिला महिला प्रकोष्ठ द्वारा तय दैनिक कार्यक्रमों का संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़कर महिलाओं के सम्मान एवं सुरक्षा की इस सामाजिक मुहिम को सफल बनाने में सहभागी बनें।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

