टीकमगढ़। महामहिम राज्यपाल मंगुभाई पटेल धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान अंतर्गत आदि साथी एवं आदि सहयोगियों से संवाद कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बल्देवगढ़ तहसील के ग्राम करमासन हटा पहुंचे। कार्यक्रम के प्रारंभ में श्रीमती सरोज राजपूत, खरगापुर विधायक श्रीमती चंदारानी सुरेन्द्र सिंह गौर, जतारा विधायक हरिशंकर खटीक, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती उमिता राहुल सिंह, पूर्व मंत्री राहुल सिंह, सरपंच नन्दलाल लोधी ने पुष्पगुच्छ भेंटकर महामहिम राज्यपाल का स्वागत किया। राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुये कहा है कि धरती आबा जनजातीय उत्कर्ष अभियान का उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के माध्यम से आदिवासियों को समाज की मुख्य धारा में लाना है। उन्होंने कहा कि नारी स्वस्थ होगी तभी परिवार स्वस्थ रहेगा। घर में, माँ स्वस्थ हो तो पूरे परिवार की देखभाल अच्छे से कर सकती है। राज्यपाल श्री पटेल ने समारोह में आह्वान किया है कि एनीमिया एवं संपूर्ण जाँच सभी को कराना चाहिए, खासतौर से महिलाओं को इसकी जाँच अवश्य कराना चाहिए। सेवा पखवाड़े के तहत देश भर में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाकर निःशुल्क दवाओं का वितरण किया जा रहा है। इस अभियान का लाभ उठाकर सभी लोगों को अपने स्वास्थ्य की जाँच अवश्य कराना चाहिए। इस दौरान महामहिम राज्यपाल जी ने ग्राम पंचायत करमासन हटा में नवनिर्मित आदि सेवा केंद्र का निरीक्षण किया तथा केन्द्र में बनाये गये विलेज मैप का अवलोकन कर आदिवासियों से संवाद किया। उन्होंने ग्राम पंचायत करमासन हटा के सरपंच श्री नन्दलाल लोधी को आदि सेवा केंद्र के माध्यम से सेवा प्रदान करने के लिए प्रोत्साहित किया। महामहिम राज्यपाल जी ने संवाद कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को मंच से हितलाभ वितरण किये। उन्होंने क्षय रोगियों को फूड बास्केट प्रदान की। इसके साथ ही हितग्राहियों को जाति प्रमाण पत्र तथा बीपीएल कार्ड के स्वीकृति प्रमाण-पत्र प्रदान किये महामहिम राज्यपाल ने कार्यक्रम स्थल पर सर्वप्रथम एनआरएलएम तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लगाई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। महिला बाल विकास द्वारा परंपरागत बुंदेली व्यंजनों एवं स्थानीय परंपरागत खिलौना प्रदर्शनी लगाई गई। इस दौरान उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से संवाद किया, उन्होंने महुआ के व्यंजन जैसे महुआ के लटा, महुआ की डुबरी, मोटे अनाज के अन्य व्यंजन के बारे में पूछा तथा अंकुरित अनाज और हरी साग के बारे में जानकारी ली। साथ ही उन्होंने स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित आजीविका उत्पादो का भी अवलोकन किया एवं मिट्टी से बने उत्पाद, सरसों एवं मूंगफली के घर पर निर्मित तेल, बांस के हस्तनिर्मित उत्पाद आदि देखे तथा स्व सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा कर उनके व्यवसाय के बारे में चर्चा की एवं उनकी आजीविका के बारे में जानकारी ली। महामहिम राज्यपाल जी के आगमन एवं प्रस्थान के दौरान एंजल एबोड स्कूल के बच्चों ने बैंड प्रस्तुति दी एवं राष्ट्रगान का वादन किया। महामहिम द्वारा स्कूली बच्चों को उपहार दिए गए। कार्यक्रम के अंत में महामहिम राज्यपाल महोदय जी को ग्राम करमासन हटा की ग्राम विजन 2030 पुस्तिका प्रदान की गई। यह पुस्तिका ग्राम वासियों एवं आदि साथियों की मदद से ग्राम चैपाल पर ही तैयार की गई है। महामहिम को अतिथियों ने कुण्डेश्वर भगवान की तस्वीर भेंट की। महामहिम के आगमन पर लाड़ली बहनों ने सिर पर कलश रखकर तथा पारंपरिक मंगलगीत गाकर अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर श्रीमती सरोज राजपूत, खरगापुर विधायक श्रीमती चंदारानी सुरेन्द्र सिंह गौर, जतारा विधायक हरिशंकर खटीक, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती उमिता राहुल सिंह, पूर्व मंत्री राहुल सिंह, कृषि स्थाई समिति अध्यक्ष छत्रपाल सिंह छोटू राजा, अन्य जनप्रतिनिधि, सागर संभागायुक्त अनिल सुचारी, पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती हिमानी खन्ना, कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय, जिला पंचायत सीईओ नवीत कुमार धुर्वे सहित संबंधित अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

