टीकमगढ़। नवरात्रि के पावन अवसर पर, जब सम्पूर्ण समाज शक्ति स्वरूपा माँ दुर्गा की उपासना में लीन है, टीकमगढ़ पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के मार्गदर्शन में “महिला सुरक्षा – स्वतंत्रता – सम्मान अभियान” को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना और समाज में समान अधिकारों की चेतना फैलाना है।
अभियान के तहत जिले में नीड, परी, भरोसा, सहारा और आसरा नामक विशेष महिला पुलिस दल गठित किए गए हैं, जो निर्धारित क्षेत्रों में जाकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, आत्मरक्षा और जागरूकता संबंधी प्रशिक्षण उपलब्ध कराते हैं। इसी क्रम में 23 सितम्बर 2025 को भरोसा महिला पुलिस दल ने टीकमगढ़ शहर के एक गर्ल्स हॉस्टल में छात्राओं के लिए विशेष जागरूकता और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में उन्हें आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया, सुरक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया गया तथा महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर साझा किए गए।
महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों में–– महिला हेल्पलाइन 1090, साइबर हेल्पलाइन 1930 और पुलिस आपातकालीन सेवा 112 बताए गए।
पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने संदेश देते हुए कहा कि “नवरात्रि नारी शक्ति की उपासना का पर्व है। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हमारी बालिकाएँ माँ दुर्गा की भाँति साहस, आत्मबल और आत्मविश्वास से परिपूर्ण हों। उनकी सुरक्षा, स्वतंत्रता और सम्मान केवल प्रशासन का नहीं, बल्कि सम्पूर्ण समाज का साझा दायित्व है। इस अभियान के माध्यम से हम महिलाओं और बालिकाओं को सक्षम, आत्मनिर्भर और सुरक्षित समाज का हिस्सा बनाने का प्रयास कर रहे हैं।”
टीकमगढ़ पुलिस ने दोहराया है कि जिले की सभी महिलाएँ और बालिकाएँ सुरक्षित, सशक्त और समान अवसरों से संपन्न समाज का हिस्सा बन सकें, इसके लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

