टीकमगढ़। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा संचालित अभिमन्यु अभियान–3 के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए सुरक्षित वातावरण निर्मित करने, अपराधों की रोकथाम तथा आत्मविश्वास और आत्मरक्षा की भावना को बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ मनोहर सिंह मंडलोई ने एडवाइजरी जारी की है, जिसमें महिलाओं एवं बालिकाओं को किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या संदेहास्पद गतिविधि दिखने पर तुरंत डायल 100, 112 या महिला हेल्पलाइन 181 पर सूचना देने, अजनबियों से अनावश्यक बातचीत व सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा न करने, सार्वजनिक स्थानों पर सतर्क रहने और विद्यालय, कॉलेज व कार्यस्थल पर सुरक्षा संबंधी अधिकारों की जानकारी रखने की सलाह दी गई है। अभिभावकों से बेटियों को खुलकर अपनी बात कहने का वातावरण देने, संवाद बनाए रखने और परिवार में समानता व सम्मान का माहौल बनाने का आग्रह किया गया है। विद्यालय, महाविद्यालय एवं संस्थानों से छात्राओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण उपलब्ध कराने, सीसीटीवी कैमरे व पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा लैंगिक संवेदनशीलता कार्यशालाएं आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। समाज से महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार अपनाने, छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, बाल विवाह या दहेज प्रथा जैसी घटनाओं पर चुप न रहने और असामाजिक तत्वों का समर्थन न कर महिला सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने की अपील की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला संबंधी अपराधों में तत्काल FIR दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी, प्रत्येक थाने में महिला हेल्प डेस्क सक्रिय है, विशेष पेट्रोलिंग व संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी रखी जाएगी और अभिमन्यु अभियान–3 के तहत जागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, कार्यशालाएं एवं रैलियां आयोजित की जाएंगी। टीकमगढ़ पुलिस ने नागरिकों से अपेक्षा की है कि वे न केवल स्वयं सुरक्षित रहें बल्कि समाज की प्रत्येक बेटी, बहन और महिला की सुरक्षा को अपनी जिम्मेदारी मानते हुए सुरक्षित और सशक्त टीकमगढ़ के निर्माण में सक्रिय सहयोग करें।

