टीकमगढ़, 25 सितंबर 2025। महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित अभिमन्यु–3 अभियान के तहत आज जिला मुख्यालय टीकमगढ़ में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विक्रम सिंह ने पुलिस लाइन परिसर से बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर अस्पताल चौराहा, मिश्रा तिराहा, गांधी चौराहा होते हुए पुनः पुलिस लाइन परिसर में संपन्न हुई और नागरिकों को महिला सुरक्षा एवं सम्मान का संदेश दिया गया। रैली उपरांत आयोजित समारोह में एएसपी श्री विक्रम सिंह कुशवाहा ने पुलिस बल एवं खेल विभाग के बच्चों को महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण से संबंधित शपथ दिलाई। इस अवसर पर एसडीओपी राहुल कटरे, रक्षित निरीक्षक कनक सिंह चौहान, ट्रैफिक प्रभारी श्री कैलाश पटेल, थाना प्रभारी देहात निरीक्षक चंद्रजीत यादव, सूबेदार उत्तम सिंह, महिला सेल से प्रधान आरक्षक रानू विश्वकर्मा सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कोतवाली, देहात एवं पुलिस लाइन का पुलिस बल उपस्थित रहा। कार्यक्रम का संदेश स्पष्ट रहा कि महिलाओं का सम्मान और सुरक्षा केवल कर्तव्य ही नहीं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व भी है।

