टीकमगढ़, 26 सितम्बर 2025। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विक्रम सिंह कुशवाह के नेतृत्व में अभिमन्यु अभियान के अंतर्गत आज गांधी चौराहा टीकमगढ़ पर नुक्कड़ नाटक एवं पपेट शो का आयोजन किया गया। इस जनजागरूकता कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छेड़छाड़ एवं घरेलू हिंसा की रोकथाम करना तथा समाज में महिलाओं के प्रति समानता और सम्मान की भावना को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम के दौरान मजदूर वर्ग सहित स्थानीय नागरिकों को संदेश दिया गया कि महिलाओं और बालिकाओं के प्रति हमेशा सम्मानजनक व्यवहार रखें, किसी भी प्रकार के अत्याचार या उत्पीड़न की घटना पर चुप न रहें बल्कि तत्काल आवाज उठाएँ और पुलिस को सूचना दें। इस अवसर पर पुलिस मुख्यालय द्वारा प्रदत्त जनजागरूकता पंपलेट का भी वितरण किया गया।
इस आयोजन में एसडीओपी राहुल कटरे, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र छारी, महिला सेल से प्रधान आरक्षक रानू विश्वकर्मा, महिला आरक्षक कीर्ति बुंदेला, मानसी तिवारी, आरक्षक गजेंद्र और बलराम प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। वहीं सहयोग प्रदान करने वालों में ग्रामीण स्वावलंबन समिति (एनजीओ) के सचिव राजकुमार जी, जिला समन्वयक सुरेन्द्र कुमार, महेश बशंकार, कार्यकर्ता मन्जू चौहान, संगीता, लक्ष्मन और साबिर खान शामिल रहे।
नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुति मोहनी अहिरवार, बंदना सोर, सोहनी, मुस्कान, मोहनी और रक्षा अहिरवार द्वारा प्रस्तुत की गई। इस रचनात्मक आयोजन ने न केवल जनता को जागरूक किया बल्कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए समाज को एकजुट होकर आवाज उठाने का सशक्त संदेश भी दिया।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

