टीकमगढ़। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा जिले में आमजन को साइबर अपराधों से सुरक्षा एवं बचाव हेतु लगातार साइबर सुरक्षा और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है तथा साप्ताहिक एडवाइजरी जारी कर लोगों को साइबर अपराधियों के नए हथकंडों से सचेत किया जा रहा है। वर्तमान में अपराधियों द्वारा “कॉल मर्ज स्कैम” के जरिए धोखाधड़ी की जा रही है। इस स्कैम में अपराधी कॉल कर स्वयं को बैंक, सरकारी विभाग या परिचित बताकर पीड़ित से कॉल मर्ज करने को कहते हैं और जैसे ही कॉल मर्ज होती है वे इंटरनेट बैंकिंग द्वारा कॉल वेरिफिकेशन ऑप्शन का उपयोग कर पीड़ित के फोन से OTP या बैंकिंग जानकारी हासिल करने की कोशिश करते हैं, जिससे खाता और डिजिटल लेन-देन जोखिम में आ जाता है। अपराधी भरोसा जीतने के लिए कभी बैंक अधिकारी, कभी टेक सपोर्ट प्रतिनिधि या सरकारी कर्मचारी बनकर सामने आते हैं और व्यक्तिगत व वित्तीय डेटा चुराने का प्रयास करते हैं।
एडवाइजरी में आमजन को सावधानी बरतने की अपील की गई है कि अनजान नंबर से आई कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें, मोबाइल में स्पैम डिटेक्शन फीचर चालू रखें, किसी भी स्थिति में OTP साझा न करें क्योंकि बैंक कभी भी OTP नहीं मांगते। यदि बिना किसी लेन-देन के OTP प्राप्त हो तो तुरंत बैंक के कस्टमर केयर या हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें तथा संदिग्ध कॉल, संदेश या लिंक की सूचना नजदीकी पुलिस थाने में स्थापित साइबर हेल्प डेस्क या ऑनलाइन साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज कराएँ। पुलिस ने कहा है कि डिजिटल और वित्तीय संसाधनों की सुरक्षा के लिए सतर्कता ही सर्वोत्तम उपाय है। टीकमगढ़ पुलिस नागरिकों के डिजिटली सुरक्षित और सतर्क जीवन के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है और सभी से अपील करती है कि डिजिटल लेन-देन करते समय विशेष सावधानी रखें और अपनी निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

