टीकमगढ़, 27 सितम्बर 2025 महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को दृष्टिगत रखते हुए मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय द्वारा राज्य स्तर पर अभिमन्यु-3 अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में जिले में पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अभियान की निर्धारित दैनिक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से क्षेत्र में संचालित करने हेतु निर्देशित किया गया।
दिनांक 26 सितम्बर 2025 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाह तथा एसडीओपी टीकमगढ़/जतारा के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों द्वारा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्राम, कस्बा एवं शहर के स्कूल, कॉलेज, मुख्य चौराहों, बाजारों तथा सार्वजनिक स्थलों पर बड़ी संख्या में उपस्थित छात्राओं, युवाओं और नागरिकों को संबोधित कर समझाइश दी गई।
लोगों को विशेष रूप से महिलाओं एवं बालिकाओं पर अपराधों की रोकथाम, घरेलू हिंसा उन्मूलन, महिलाओं के अधिकारों का संरक्षण, लिंग भेद मिटाने और समानता का संदेश, दहेज प्रथा उन्मूलन तथा भ्रूण हत्या जैसी कुरीतियों के विरुद्ध दृढ़ संकल्प जैसे मुद्दों पर जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है जब महिला और पुरुष समान अवसर एवं सम्मान के साथ आगे बढ़ें। साथ ही यह भी आश्वस्त किया गया कि पुलिस सदैव महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए तत्पर है तथा किसी भी प्रकार की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अंत में पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ ने जिलेवासियों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएँ और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, ताकि एक सुरक्षित, सम्मानजनक एवं स्वच्छ सामाजिक वातावरण निर्मित किया जा सके।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

