टीकमगढ़। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा जिले में साइबर सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नवरात्रि के शुभ अवसर पर महिलाओं और युवतियों को ऑनलाइन शॉपिंग, सोशल मीडिया तथा अन्य डिजिटल गतिविधियों में सतर्क एवं जागरूक करने हेतु एक विशेष साइबर एडवाइजरी जारी की गई है।
एडवाइजरी में कहा गया है कि महिलाएं एवं युवतियां सोशल मीडिया पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचें और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर मोबाइल नंबर या अन्य जानकारी रजिस्टर्ड करते समय सतर्क रहें। ऑनलाइन शॉपिंग या अन्य लेन-देन के दौरान अपने दस्तावेज़, फोटो और व्यक्तिगत जानकारी केवल विश्वसनीय प्लेटफार्म पर ही साझा करें। सोशल मीडिया और ई-कॉमर्स साइट का चुनाव सोच-समझकर करें तथा ऑनलाइन डेटिंग साइट्स से दूरी बनाए रखें। ईमेल, सोशल मीडिया प्रोफाइल, ई-वॉलेट और नेटबैंकिंग के पासवर्ड मजबूत रखें और समय-समय पर बदलते रहें। साथ ही टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का उपयोग करें तथा सोशल मीडिया पर प्राइवेसी सेटिंग्स का सही उपयोग कर अपनी प्रोफाइल को सुरक्षित रखें।
इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स की मरम्मत केवल भरोसेमंद व्यक्ति से ही कराएं और पुराने डिवाइस बेचने से पहले उसमें मौजूद सभी डेटा को पूरी तरह वाइप कर फैक्ट्री रीसेट करें। एडवाइजरी में यह भी चेतावनी दी गई है कि ऑनलाइन लॉटरी, कैशबैक, जॉब, लोन, बीमा व शॉपिंग ऑफर्स जैसे प्रलोभनों से बचें। वैवाहिक धोखाधड़ी से सतर्क रहें और मैट्रिमोनियल साइट्स पर दी गई जानकारी को विश्वसनीय स्रोतों से सत्यापित करें। ऑनलाइन शॉपिंग हमेशा मान्यता प्राप्त वेबसाइट या एप्स से ही करें तथा किसी भी कंपनी या संस्थान का कस्टमर केयर नंबर केवल उनकी आधिकारिक वेबसाइट या एप से ही प्राप्त करें, गूगल या अन्य सर्च इंजन के लिंक पर भरोसा न करें।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यदि कोई भी व्यक्ति साइबर फ्रॉड का शिकार होता है तो वह तुरंत 1930 नंबर पर कॉल करके अथवा साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर सकता है। इसके अलावा नजदीकी पुलिस थाने में स्थापित साइबर हेल्प डेस्क या साइबर सेल से तत्काल संपर्क किया जा सकता है।
अंत में नागरिकों से अपील की गई है कि सावधान और जागरूक रहकर ही साइबर अपराधियों के शिकार होने से बचा जा सकता है।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

