टीकमगढ़। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने जिलेवासियों से अपील की है कि नवरात्रि के पावन पर्व को शांति, अनुशासन और आपसी सद्भाव के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन ने नागरिकों की सुरक्षा और जन-शांति सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। मुख्य बाजारों, मंदिरों, धार्मिक स्थलों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सघन पैदल गश्त की व्यवस्था की गई है, वहीं संवेदनशील इलाकों में मोबाइल पेट्रोलिंग और चिन्हित स्थानों पर फिक्स ड्यूटी जवानों की तैनाती की गई है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई हो सके।
सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्टों व संदेशों की निगरानी के साथ ही तकनीकी माध्यमों—सीसीटीवी, मोबाइल कैमरा और ड्रोन के जरिए जिलेभर में पैनी नजर बनाए रखी है।
एसपी मंडलोई ने नागरिकों से अपील की है कि जोर-शोर वाले जुलूस, डीजे की अत्यधिक ध्वनि और पटाखों से दूसरों को परेशान न करें। धार्मिक जुलूस या सार्वजनिक स्थलों पर शराब, नशे या किसी भी प्रकार के मादक पदार्थ का सेवन न करें। कार्यक्रमों या समारोहों में विवाद, हाथापाई अथवा हिंसा से बचें और मंदिरों व घरों में शांति एवं सौहार्द बनाए रखें। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सुरक्षा संबंधी जानकारी तुरंत पुलिस को दें और सोशल मीडिया पर अफवाह या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से परहेज करें।
उन्होंने अंत में कहा कि नागरिकों की सतर्कता और पुलिस के समन्वित प्रयास से ही नवदुर्गा पर्व को सुरक्षित, आनंदमय और शांतिपूर्ण बनाया जा सकता है। “आपका सहयोग, हमारी शक्ति है।”
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

