टीकमगढ़। जिला पुलिस बल टीकमगढ़ में पदस्थ रहे स्वर्गीय आरक्षक क्रमांक 486 जय सिंह रोहित के सामान्य निधन उपरांत उनकी पत्नी पिंकी अहिरवार को पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत बीमा लाभ स्वरूप दस लाख रुपये की राशि प्रदान की गई।
आज दिनांक 01 अक्टूबर 2025 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, टीकमगढ़ में आयोजित संक्षिप्त एवं भावनात्मक समारोह में पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई ने स्व. रोहित की पत्नी को भुगतान का चेक भेंट किया। इस अवसर पर कार्यालयीन वातावरण गम्भीरता और श्रद्धाभाव से ओतप्रोत रहा।
पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारियों को दुर्घटना बीमा सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। इस योजना में सामान्य मृत्यु की स्थिति में नामांकित उत्तराधिकारी को 10 लाख रुपये तथा दुर्घटनावश मृत्यु की स्थिति में 1 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की जाती है।
समारोह में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, मुख्य शाखा टीकमगढ़ से मुख्य प्रबंधक धीरेंद्र चौरसिया, फील्ड ऑफिसर धीरेंद्र शर्मा, पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मुख्य लिपिक रामाधार त्रिपाठी, सहायक उपनिरीक्षक महेश साहू सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सभी ने स्व. जय सिंह रोहित के योगदान को स्मरण करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

