टीकमगढ़। मां लक्ष्मी पैलेस में 4 अक्टूबर 2025 को पुलिस पेंशनर संघ की स्थापना का तीसरा महोत्सव बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में पुलिस पेंशनर शामिल हुए। मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त निरीक्षक आर. के. दुबे उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवा निवृत्त उपनिरीक्षक आर. सी. समारी ने की।
कार्यक्रम के दौरान पिछले माह संगठन से जुड़े सेवा निवृत्त सहायक उपनिरीक्षक काजी हफीजुद्दीन एवं उप निरीक्षक (एम) के. एल. कुशवाहा का प्रदेश सदस्यता ग्रहण पर स्वागत किया गया। इस अवसर पर आर. के. दुबे, श्री राम चरण समारी और संभागीय अध्यक्ष सुरेश दोंदेरिया ने अपने अनुभव साझा किए। वृद्ध पेंशनर रामस्वरूप सक्सेना और भागीरथ विश्वकर्मा का सम्मान किया गया, वहीं कानूनी सलाहकार बालकृष्ण तिवारी, उपाध्यक्ष भगवानदास कड़ा, गोविंद अहिरवार और जगदीश प्रसाद नायक को भी सम्मानित किया गया।
जिला अध्यक्ष खलील मोहम्मद खान ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में संगठन की एकता और भावनात्मक जुड़ाव पर प्रकाश डालते हुए कहा—“मछली ने समुद्र से पूछा, तुम मेरे आंसू कभी नहीं देख पाओगे क्योंकि मैं पानी में हूं, तो समंदर ने जवाब दिया—मैं तुम्हारे आंसू महसूस कर सकता हूं क्योंकि तुम मेरे दिल में हो।” उन्होंने कहा कि पुलिस पेंशनर संघ भी ऐसा ही परिवार है, जो दिल से जुड़े लोगों की भावनाओं को समझता है।
अंत में पुलिस पेंशनरों ने प्रांतीय अध्यक्ष एम. पी. सिंह परिहार और कार्यकारिणी अध्यक्ष व्ही. एस. चौहान के समर्थन में नारे लगाए। कार्यक्रम में जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष एन. डी. सोनी ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर गोकुल यादव, एन. के. खरे, मदन मोहन मिश्रा, करण सिंह परिहार, एम. एल. कुशवाहा, ए. एल. रजक, पुरुषोत्तम चतुर्वेदी, सीताराम अहिरवार (पलेरा), काशीराम राय, देवी सिंह ठाकुर, राकेश उपाध्याय और रामनारायण तिवारी सहित बड़ी संख्या में पेंशनर व पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जिला अध्यक्ष श्री खान ने बताया कि कार्यक्रम की गरिमा उस समय और बढ़ गई जब संयुक्त मोर्चा जिला अध्यक्ष उमाशंकर चतुर्वेदी अपने भावनात्मक दौर के बावजूद कार्यक्रम में पहुंचे। हाल ही में उनकी भावज का स्वर्गवास हुआ था, जिसके बावजूद उन्होंने सभी से मिलकर संगठन के प्रति अपनी निष्ठा दिखाई। उपस्थित पेंशनरों ने नम आंखों से उनका स्वागत किया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। कार्यक्रम का समापन प्रांतीय अध्यक्ष को “हिप-हिप हुर्रे” के नारों के साथ हुआ।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

