टीकमगढ़। जिले की पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा कार्य में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित अपराध एवं अपराधी खोज नेटवर्क प्रणाली (सीसीटीएनएस) परियोजना में टीकमगढ़ पुलिस ने प्रदेश स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।
इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के उपलक्ष्य में पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई की अध्यक्षता में पुलिस नियंत्रण कक्ष, टीकमगढ़ में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न थानों में पदस्थ सीसीटीएनएस कार्य से जुड़े आरक्षकों को प्रशस्ति पत्र एवं नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने अपने उद्बोधन में समस्त आरक्षकों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि जिले की पुलिस टीम के सामूहिक परिश्रम, अनुशासन और तकनीकी दक्षता का परिणाम है। उन्होंने सभी को आगे भी इसी समर्पण और निष्ठा के साथ कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया, ताकि आगामी मूल्यांकन में टीकमगढ़ जिला प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर सके।
कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक कैलाश पटेल, प्रधान आरक्षक (सीसीटीएनएस) सुनील प्रजापति, प्रधान आरक्षक (कंप्यूटर) रत्नेश, आरक्षक श्रीमती आरती कुशवाहा सहित जिले के समस्त थानों में पदस्थ सीसीटीएनएस आरक्षक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन सीसीटीएनएस शाखा द्वारा किया गया तथा अंत में पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
टीकमगढ़ पुलिस की यह सफलता आधुनिक तकनीक के माध्यम से पारदर्शी एवं प्रभावी पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखी जा रही है।
Services And Contact
Latest News
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

