टीकमगढ़। पुलिस मुख्यालय द्वारा अक्टूबर माह को राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा माह के रूप में मनाया जा रहा है जिसके अंतर्गत प्रदेश स्तर पर बहुआयामी जागरूकता अभियान के माध्यम से आमजन को साइबर क्राइम से सुरक्षा के प्रति जागरूक करने हेतु निर्देशित किया गया है ।
इसी तारतम्य में टीकमगढ़ पुलिस ने नागरिकों को इंटरनेट से जुड़े अपराधों से बचाने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के उद्देश्य से एक व्यापक जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की है। इस पहल का मार्गदर्शन पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी ऐप और अन्य साइबर धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताना है।
05 अक्टूबर 2025 को थाना चंदेरा द्वारा आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों/युवाओं/बच्चों/महिलाओं को विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों के बारे में समझाया। इसमें नकली फोन कॉल और ईमेल के माध्यम से की जाने वाली धोखाधड़ी, अवैध लोन एप्लिकेशन, सोशल मीडिया खातों की सुरक्षा, वीडियो कॉल के जरिए ब्लैकमेलिंग और निवेश से जुड़ी ठगी जैसी गतिविधियों पर विशेष जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को सचेत किया गया कि वे किसी अज्ञात लिंक या संदेश पर क्लिक न करें और किसी अनजाने एप्लिकेशन को अपने मोबाइल में डाउनलोड न करें। उन्हें यह भी बताया गया कि बैंक से जुड़ी गुप्त जानकारी, पासवर्ड या ओटीपी किसी के साथ साझा न करें। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि आजकल डिजिटल गिरफ्तारी जैसे नए तरीके से धोखा देने के मामले सामने आ रहे हैं, जिनसे हर व्यक्ति को सतर्क रहना चाहिए। किसी भी प्रकार की घटना होने पर तुरंत हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी थाना अथवा साइबर सेल को सूचना देने की अपील की गई।
पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने अपने संदेश में कहा कि जागरूकता ही सुरक्षा की सबसे बड़ी कुंजी है। यदि नागरिक सजग और सतर्क रहेंगे तो साइबर अपराधियों की साजिशों को आसानी से नाकाम किया जा सकता है।
Services And Contact
Latest News
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

