टीकमगढ़। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुपालन में कफ सिरप के उपयोग से बच्चों में गंभीर दुष्प्रभाव की आशंका को देखते हुए कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय के निर्देशन में जांच दल सक्रिय हो गए हैं।
कलेक्टर के आदेश के परिपालन में तहसीलदार पलक जैन एवं ड्रग इंस्पेक्टर दीपक नामदेव ने जिले की दवा दुकानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिले की दवा दुकानों में श्रीसन फार्मास्युटिकल कंपनी द्वारा निर्मित कोल्ड्रिफ कफ सिरप जैसी प्रतिबंधित दवाओं के विक्रय संधारण एवं वितरण की जांच की गई एवं दुकानदारों को निर्देश दिए गए कि इन प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री न करें तथा मौजूदा स्टॉक की जानकारी संबंधित अधिकारी को उपलब्ध कराएं।
अधिकारियों द्वारा श्रीसन फार्मा कंपनी द्वारा निर्मित अन्य दवाओं के भी सैंपल लिए गए हैं जिन्हें परीक्षण हेतु औषधि परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जाएगा।

