टीकमगढ़। देहात पुलिस द्वारा विद्यालय में कार्यशाला एवं चंदेरा व बमहोरिकला थानों द्वारा साइबर चौपाल आयोजित कर विद्यार्थियों व ग्रामीणों को किया साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार अक्टूबर माह को राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा माह के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में टीकमगढ़ पुलिस द्वारा नागरिकों को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनजागरूकता अभियान प्रारंभ किया गया है। इस अभियान का संचालन पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के नेतृत्व में किया जा रहा है।
अभियान का उद्देश्य आमजन को ऑनलाइन ठगी, फर्जी निवेश, अवैध लोन एप्स, सोशल मीडिया फ्रॉड एवं डिजिटल ब्लैकमेलिंग जैसे बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के उपायों से अवगत कराना है।
दिनांक 06 अक्टूबर 2025 को थाना देहात पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र के एक विद्यालय में साइबर सुरक्षा कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ को विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी अज्ञात लिंक, ईमेल या संदेश पर क्लिक न करें, अनजान एप डाउनलोड न करें तथा अपनी बैंक संबंधित गोपनीय जानकारी, पासवर्ड या ओटीपी किसी से भी साझा न करें।
इसी प्रकार थाना चंदेरा एवं बमहोरिकला पुलिस द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में साइबर चौपालों का आयोजन किया गया। इन चौपालों में ग्रामीणों और शहरी नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान समय में “डिजिटल गिरफ्तारी” जैसे नए प्रकार के साइबर धोखाधड़ी के मामले सामने आ रहे हैं, जिनसे सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को यह भी बताया कि यदि किसी के साथ साइबर ठगी, ऑनलाइन फ्रॉड या किसी प्रकार की डिजिटल धोखाधड़ी होती है, तो वे तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज करें। त्वरित सूचना देने से वित्तीय नुकसान की भरपाई की संभावना बढ़ जाती है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने अपने संदेश में कहा कि “जागरूकता ही सुरक्षा की सबसे बड़ी कुंजी है। जब नागरिक स्वयं सजग रहेंगे, तब कोई भी साइबर अपराधी अपनी साजिश में सफल नहीं हो सकेगा।”
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

