टीकमगढ़। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में जिला स्तर पर आमजन की सहायता एवं शिकायतों के त्वरित निराकरण हेतु संचालित ‘हेल्पिंग हैंड’ अभियान लगातार प्रभावी परिणाम दे रहा है। इस अभियान के अंतर्गत पुलिस न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय है, बल्कि मानवता और संवेदनशीलता के साथ आमजन की हर संभव मदद के लिए भी तत्पर है।
इसी क्रम में दिनांक 09 अक्टूबर 2025 को सुबह लगभग 09:00 बजे कंट्रोल रूम को सूचना प्राप्त हुई कि थाना खरगापुर क्षेत्र के ग्राम गुना के पास एक महिला को पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही डायल-112 वाहन को तत्काल मौके पर रवाना किया गया।
घटनास्थल पर पहुंचने के बाद पुलिस जवानों ने लगभग 50 वर्षीय महिला से संपर्क किया। महिला ने बताया कि वह कानपुर (उत्तर प्रदेश) की निवासी हैं और अपने पति के साथ बागेश्वर धाम जा रही थीं। यात्रा के दौरान रास्ते की जानकारी न होने से वे गलती से खरगापुर रेलवे स्टेशन पर उतर गईं और स्टेशन की भीड़ में अपने पति से बिछड़ गईं।
स्थिति को समझते हुए डायल-112 में तैनात जवानों ने महिला को एफआरव्ही वाहन द्वारा खरगापुर रेलवे स्टेशन पहुँचाया, जहाँ खोजबीन के बाद महिला के पति राम छबीली मिश्रा को सुरक्षित ढूंढ निकाला गया। तत्पश्चात महिला को उनके पति के सुपुर्द किया गया।
इस पूरी कार्रवाई में पुलिस कर्मियों की तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण साफ दिखाई दिया।
सराहनीय भूमिका
इस सफल एवं संवेदनशील कार्रवाई में आरक्षक वीरेंद्र अहिरवार और पायलट सुरेंद्र सिंह लोधी की विशेष भूमिका रही। दोनों ने न केवल त्वरित कार्रवाई की बल्कि मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए महिला को सुरक्षित उसके पति से मिलवाया।
महिला और उनके पति ने पुलिस की त्वरित सहायता और व्यवहार से प्रभावित होकर टीकमगढ़ पुलिस को हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया।
‘हेल्पिंग हैंड’ अभियान के तहत इस प्रकार की घटनाएँ यह प्रमाणित करती हैं कि टीकमगढ़ पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने में ही नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की तत्काल एवं संवेदनशील सहायता प्रदान करने में भी सदैव अग्रणी है।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

