टीकमगढ़। जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से ड्रोन कैमरों की गतिविधियों को लेकर विभिन्न चर्चाएँ और भ्रामक जानकारियाँ प्रसारित हो रही हैं। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ मनोहर सिंह मंडलोई ने नागरिकों से संयम और सतर्कता बरतने की अपील की है।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि अब तक की जांच में ड्रोन कैमरों की किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्तता नहीं पाई गई है। कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया और जनचर्चाओं के माध्यम से भ्रामक सूचनाएँ फैला रहे हैं, जिन पर विश्वास न करें।
नागरिकों के लिए दिशा-निर्देश :
यदि किसी स्थान पर कोई ड्रोन कैमरा उड़ता हुआ दिखाई दे या उसकी गतिविधि संदेहास्पद लगे, तो तत्काल पुलिस आकस्मिक सेवा 112 पर सूचना दें अथवा नजदीकी थाना/चौकी से संपर्क करें।
जिले में ऐसे स्टूडियो संचालक, फ़ोटोग्राफ़र या व्यक्ति जिनके पास ड्रोन कैमरा उपलब्ध है, वे अपने ड्रोन संचालन की जानकारी संबंधित थाने में पंजीकृत कराएं।
जिन नागरिकों ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से ड्रोन खरीदे हैं, वे भी इसकी जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराएं ताकि सभी उपकरणों का विधिवत रिकॉर्ड तैयार किया जा सके।
किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर विश्वास न करें, और न ही ऐसा कोई कदम उठाएं जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो।
पुलिस की प्राथमिकता :
टीकमगढ़ पुलिस जिले में शांति, सुरक्षा और जनविश्वास बनाए रखने के लिए निरंतर सक्रिय है। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नागरिक जिम्मेदार बनकर प्रशासन को सहयोग दें और अफवाह फैलाने वालों से सावधान रहें।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

