टीकमगढ़। कांग्रेस पार्टी की प्रदेश महासचिव किरण अहिरवार ने जिले के चंदेरा और बम्हौरी कला थाना प्रभारियों को हटाने की मांग को लेकर गुरुवार को पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि एसपी ने इस मामले में 15 दिनों के भीतर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
किरण अहिरवार ने बताया कि उन्होंने 2 अक्टूबर को महेवा गांव में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान यह अल्टीमेटम दिया था कि यदि 15 दिन के भीतर दोनों थाना प्रभारियों को नहीं हटाया गया, तो वे एसपी कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन करेंगी। पुलिस अधीक्षक के आश्वासन के बाद उन्होंने फिलहाल प्रस्तावित धरना स्थगित करने की घोषणा की।
मुलाकात के दौरान किरण अहिरवार ने एसपी को एक लिखित शिकायत सौंपी। इसमें आरोप लगाया गया है कि जतारा विधानसभा क्षेत्र के कुछ थाना प्रभारियों की लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थापना बनी हुई है। अहिरवार ने कहा कि इससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों के साथ अन्याय हो रहा है तथा उनके खिलाफ अनावश्यक प्रकरण दर्ज किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि चंदेरा और बम्हौरी कला थानों में पदस्थ थाना प्रभारियों का वर्षों से एक ही स्थान पर बने रहना जांच का विषय है। यहां तक कि यदि उनका स्थानांतरण होता भी है, तो कुछ महीनों में वे फिर से उसी थाने में लौट आते हैं। अहिरवार ने यह भी कहा कि चंदेरा थाना प्रभारी पर पूर्व में गंभीर आरोप लगे थे, जिनकी विभागीय जांच अभी तक लंबित है।
किरण अहिरवार ने बताया कि इसी मामले को लेकर उन्होंने करीब एक वर्ष पूर्व पुलिस महानिदेशक सुधीर कुमार सक्सेना को भोपाल में ज्ञापन भी सौंपा था, किंतु उस पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार पुलिस प्रशासन न्यायपूर्ण निर्णय लेकर दोषियों के विरुद्ध उचित कदम उठाएगा।
जनता की आवाज़ को अनसुना नहीं किया जा सकता, हमने दो थाना प्रभारियों को हटाने की मांग रखी थी — अब पुलिस अधीक्षक ने 15 दिनों में कार्रवाई का भरोसा दिया है।”
— किरण अहिरवार, प्रदेश महासचिव, कांग्रेस

