टीकमगढ़। दीपावली, गोवर्धन पूजन, भाई दूज एवं आगामी पर्वों के शुभ अवसर पर पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने जिलेवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कहा कि ये सभी पर्व उल्लास, प्रकाश, सौहार्द एवं सामाजिक एकता के प्रतीक हैं, इसलिए सभी नागरिक इन्हें शांतिपूर्ण, अनुशासित और सुरक्षित वातावरण में मनाएँ।
पुलिस अधीक्षक मंडलोई के निर्देशन में पर्वों के दौरान पूरे जिले में विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। मुख्य मार्गों, बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, धार्मिक स्थलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई है ताकि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पेट्रोलिंग मोबाइल टीमों को निर्धारित रूट पर सतत गश्त के निर्देश दिए गए हैं, वहीं मोटरसाइकिल पार्टियाँ भी संकरी गलियों में त्वरित प्रतिक्रिया हेतु सक्रिय रहेंगी।
पर्वों की अवधि के दौरान पूरे जिले में पुलिस बल की प्रभावी तैनाती रहेगी। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सभी पर्व ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को सामूहिक ब्रीफिंग दी गई है, जिसमें सावधानी, अनुशासन और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। बीते दिवस शाम को सभी थाना प्रभारियों ने अपने क्षेत्रों में पैदल भ्रमण और फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायज़ा लिया तथा नागरिकों से संवाद स्थापित किया। साथ ही रात्रिकालीन गश्त, मोबाइल टीम, पैदल पेट्रोलिंग, साइबर टीम और ट्रैफिक यूनिट्स को सतत सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं। सभी थाना क्षेत्रों में नाकाबंदी और चेकिंग पॉइंट्स स्थापित किए गए हैं, जहाँ आने-जाने वाले वाहनों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की जा रही है।
यातायात व्यवस्था को लेकर ट्रैफिक पुलिस द्वारा विशेष योजना लागू की गई है। प्रमुख बाजारों में नो पार्किंग जोन निर्धारित किए गए हैं और नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। नशे में वाहन चलाने, ओवरलोडिंग या लापरवाह ड्राइविंग पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आतिशबाज़ी और अग्नि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल लाइसेंसधारी विक्रेताओं से खरीदे गए पटाखों का ही प्रयोग करें। आतिशबाज़ी का समय रात्रि 8 से 10 बजे तक निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंप, धार्मिक स्थल, संकरी गलियाँ और सार्वजनिक स्थानों के समीप पटाखे न जलाएँ, तथा बच्चों को सदैव वयस्कों की देखरेख में ही आतिशबाज़ी करने दें। किसी भी प्रकार की दुर्घटना या आग लगने पर तुरंत फायर ब्रिगेड (101) एवं पुलिस कंट्रोल रूम (112) को सूचित करने की अपील की गई है।
सोशल मीडिया पर अफवाहों एवं भ्रामक संदेशों पर नियंत्रण के लिए साइबर टीम द्वारा सतत निगरानी रखी जा रही है। नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे बिना अनुमति धार्मिक जुलूस या सार्वजनिक आयोजन न करें, और किसी भी संदिग्ध या भ्रामक सूचना की तुरंत पुष्टि कर डायल 112 या थाना पुलिस से संपर्क करें।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि टीकमगढ़ पुलिस का उद्देश्य है कि दीपावली, गोवर्धन पूजन, भाई दूज एवं आगामी सभी पर्व जिले में शांति, सुरक्षा एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न हों। उन्होंने सभी नागरिकों से सतर्क, सहयोगी एवं अनुशासित रहने की अपील करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन 24 घंटे जनसुरक्षा के लिए तत्पर है।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

