टीकमगढ़। दीपावली के पावन पर्व पर सॉफ्टबॉल संघ टीकमगढ़ द्वारा पुलिस लाइन मैदान में एक अद्वितीय आयोजन किया गया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सॉफ्टबॉल खिलाड़ियों ने एकता, उजास और उत्साह का प्रतीक बनाते हुए मैदान पर 1100 दीपक प्रज्वलित कर देशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। दीपों की जगमगाहट से सम्पूर्ण परिसर आलोकित हो उठा और वातावरण में सौहार्द, शांति व ऊर्जा का संदेश गूँज उठा।
इस अवसर पर सॉफ्टबॉल कोच पी. प्रसन्ना कुमार, साई सेंटर प्रभारी देवेश चंदेल प्रियंक खरे एवं , वरिष्ठ खिलाड़ी धनीराम सहित सॉफ्टबॉल संघ के सभी खिलाड़ियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। खिलाड़ियों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलन कर समाज में भाईचारे और सकारात्मक ऊर्जा के प्रसार का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों ने संदेश दिया कि दीपावली केवल रोशनी का त्योहार नहीं, बल्कि अंधकार पर प्रकाश और नकारात्मकता पर सकारात्मकता की विजय का प्रतीक है। सॉफ्टबॉल संघ टीकमगढ़ का यह अभिनव आयोजन खेल भावना के साथ सांस्कृतिक एकता का सुंदर संगम प्रस्तुत करता है।

