टीकमगढ़ /भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश प्रवक्ता रवि वर्मा को टीकमगढ़ जिले का मीडिया प्रभारी नियुक्त किया है। संगठन ने यह निर्णय कांग्रेस की जन आवाज़ को और सशक्त करने तथा जिले में मीडिया संवाद को प्रभावी दिशा देने के उद्देश्य से लिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर मप्र कांग्रेस के महासचिव कम्युनिकेशन अभय तिवारी मीडिया विभाग के अध्यक्ष पूर्व मंत्री मुकेश नायक के सुझाव सहमति से टीकमगढ़ जिले का प्रभार सौंपा है और पार्टी नेतृत्व ने श्री वर्मा को नई जिम्मेवारी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके अनुभव, संवादकौशल और समर्पण से कांग्रेस का संदेश और बुलंद आवाज़ में जनता तक पहुँचेगा। नई जिम्मेदारी मिलने पर रवि वर्मा ने कहा है कि मैं कांग्रेस नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ। राहुल गांधी की विचारधारा और जनता के मुद्दों को सशक्त रूप से सामने लाना मेरा लक्ष्य रहेगा। टीकमगढ़ जिले में कांग्रेस की नीतियों को घर-घर तक पहुँचाना और हर कार्यकर्ता की आवाज़ को मजबूती देना ही मेरा संकल्प है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी को विश्वास है कि श्री वर्मा के नेतृत्व में टीकमगढ़ की मीडिया टीम और भी सक्रिय, सजग और प्रभावी भूमिका निभाएगी, जिससे कांग्रेस का जनसंपर्क अभियान नई ऊँचाइयों को छुएगा। नगर टीकमगढ़ निवासी कांग्रेसी युवा नेता एवं सागर विधानसभा प्रभारी जितेंद्र जैन क्रांतिकारी ने कहा है कि श्री वर्मा अनुभवी और जन आवाज को भली भांति समझने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं जिन्हें टीकमगढ़ जिले के लिए मीडिया का प्रभार मिला है जो पार्टी के लिए एक गतिशील कदम है। श्री वर्मा के इस प्रभार को लेकर टीकमगढ़ जिले के वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं सहित जितेंद्र जैन क्रांतिकारी एवं पार्टी के पदाधिकारी कार्यकर्ताओं सभी ने उनको बधाई एवं शुभकामनाएं दीं हैं।

