टीकमगढ़। शहर में धार्मिक आस्था और भव्यता का संगम उस समय देखने को मिला जब 24 समोशरण महामंडल विधान के उपलक्ष्य में विशाल शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। यह शोभा यात्रा शहर के 1008 बाजार जैन मंदिर से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होती हुई मानस मंच राजेंद्र पार्क पहुंची, जहां मंगल कलश की स्थापना के साथ धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई।
धर्म प्रभावना समिति के अध्यक्ष नरेंद्र जनता ने जानकारी दी कि मानस मंच राजेंद्र पार्क पर 24 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक 24 समोशरण महामंडल विधान और विश्व शांति महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 24 से 27 अक्टूबर तक दोपहर 2:30 बजे प्रतिदिन परम पूज्य गुरु प्रतिष्ठाचार्य ज्योतिषाचार्य सोम्य सागर महामुनिराज के मुखारविंद से श्रीराम कथा का भव्य आयोजन होगा।
गुरुदेव सोम्य सागर महामुनिराज को ज्योतिष, हस्तरेखा और राशियों का विशेष ज्ञान प्राप्त है तथा उन्हें पट्टाचार्य विशुद्ध सागर महामुनिराज का विशेष आशीर्वाद प्राप्त है।
भव्य शोभा यात्रा में सबसे आगे ब्रास बैंड, होर्डिंग, डीजे दल, महिला रेजीमेंट, मंगल कलश, महामंडलेश्वर, मुकुटबद्ध राजा, घोड़े, बग्गी, हाथी, विमान जी, ढोल, अष्ट कुमारिया और मुनि संघ शामिल थे। यात्रा के राजेंद्र पार्क पहुंचने पर महाराज श्री मंच पर विराजमान हुए, जहां श्री जी का अभिषेक और शांति धारा का आयोजन किया गया। इसके पश्चात चित्र अनावरण हुआ और धर्म प्रभावना समिति की सभी रेजीमेंटों — सोम्य सागर, अरिहंत, सिद्ध, आचार्य, उपाध्याय, विराग सागर, विशुद्ध सागर, जयंत सागर, आदि सागर, विमल सागर, पारस नाथ, शांति सागर, मनोग सागर, शाश्वत सागर और साधु सागर रेजीमेंट — ने विशेष म्यूजिकल प्रस्तुति के साथ महाराज श्री के समक्ष नमोस्तु निवेदन किया।
महाराज श्री ने सभी को आशीर्वाद देते हुए धर्म मार्ग पर अग्रसर रहने की प्रेरणा दी। इसके बाद 24 समोशरण विधान में बैठने वाले श्रद्धालुओं के स्थानों का चयन समाज के सामने पर्चियों के माध्यम से किया गया।
पूरा आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से ओतप्रोत रहा, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने एक विशाल और अनूठा धार्मिक दृश्य का साक्षात्कार किया।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

