टीकमगढ़, 30 अक्टूबर। राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा माह के अवसर पर पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में साइबर सेल टीकमगढ़ द्वारा आज शासकीय पी.जी. कॉलेज टीकमगढ़ में एक जागरूकता कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों के स्वरूप, तकनीकी तरीकों एवं सुरक्षा उपायों के प्रति सजग बनाना था। कार्यक्रम में साइबर सेल के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, सोशल मीडिया फ्रॉड, यूपीआई स्कैम्स, फेक लिंक्स जैसे आम लेकिन गंभीर खतरों से परिचित कराया।
अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय सतर्कता और सूचना की गोपनीयता है। विद्यार्थियों को किसी भी संदिग्ध लिंक, अज्ञात कॉल या संदेश से सावधान रहने की सलाह दी गई। साथ ही राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और साइबर क्राइम पोर्टल की जानकारी देते हुए बताया गया कि इनके माध्यम से कोई भी व्यक्ति त्वरित शिकायत दर्ज कर सकता है।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे और साइबर विशेषज्ञों से संवाद किया। साइबर टीम ने “थिंक बिफोर यू क्लिक” का संदेश देते हुए कहा कि डिजिटल युग में जागरूकता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।
पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के नवाचार स्वरूप, जिले के सभी थानों में साइबर हेल्प डेस्क की स्थापना की गई है, जहां प्रशिक्षित पुलिसकर्मी नागरिकों की डिजिटल अपराधों से जुड़ी समस्याओं का त्वरित निराकरण कर रहे हैं और साथ ही आमजन को जागरूक भी बना रहे हैं।
इस अवसर पर कॉलेज के प्राध्यापकगण, स्टाफ सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को डिजिटल युग में सुरक्षित और सजग नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में साइबर सेल टीकमगढ़ से उप निरीक्षक मयंक नगाइच, प्रधान आरक्षक रहमान खान, आशीष विश्वकर्मा उपस्थित रहे। वहीं कॉलेज की ओर से प्राचार्य डॉ. के. सी. जैन, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. डॉ. मुकेश अहिरवार, डॉ. श्रीमती मंजू कुशवाह, डॉ. धनीराम अहिरवार, डॉ. राम मनोहर अहिरवार, डॉ. सौमित्र बनर्जी, डॉ. जितेंद्र सिंह, डॉ. देशराज अहिरवार, डॉ. वी. एस. शाक्य एवं डॉ. राजेश सैनी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

