टीकमगढ़। शहर के मानस मंच प्रांगण में आज एक पावन और भावनात्मक वातावरण के बीच नारी कल्याण समिति द्वारा सामूहिक कन्या विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई अपने पुलिस बल के साथ भरोसा अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम में शामिल हुए और इस सामाजिक पहल को सराहनीय बताया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने 11 नवविवाहित वर-वधु जोड़ों से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें अपने स्नेह व आशीर्वाद से नवाज़ा। उन्होंने स्वयं बाराती बनकर कन्यादान करने का सौभाग्य प्राप्त किया और प्रत्येक जोड़े को भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा एवं उपहार भेंट किए। इस दौरान उन्होंने सभी के उज्ज्वल, सुखी और सफल दांपत्य जीवन की हार्दिक मंगलकामनाएँ दीं।
श्री मंडलोई ने अपने संबोधन में कहा —
> “टीकमगढ़ पुलिस जिला स्तर पर महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वतंत्रता के लिए नीड, परी, भरोसा, सहारा और आसरा जैसे अभियानों के माध्यम से लगातार कार्य कर रही है। आज भरोसा अभियान के अंतर्गत इस विवाह समारोह में सम्मिलित होकर पुलिस ने समाज के प्रति अपने मानवीय दायित्व का निर्वहन किया है।”
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि गत वर्ष कुण्डेश्वर में आयोजित सामूहिक विवाह में भी टीकमगढ़ पुलिस ने कन्यादान कर समाज के साथ अपनी सहभागिता निभाई थी।
इस अवसर पर रक्षित निरीक्षक कैलाश पटेल, थाना प्रभारी कोतवाली बृजेन्द्र चाचोदिया, थाना प्रभारी देहात निरीक्षक चंद्रजीत यादव, साइबर प्रभारी मयंक नगायच, महिला शाखा से प्रधान आरक्षक रानू विश्वकर्मा एवं उनकी टीम, कोतवाली और देहात थाना पुलिसकर्मी सहित जिला पुलिस बल टीकमगढ़ के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने नारी कल्याण समिति की अध्यक्ष श्रीमती रुचि राजा परमार, समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों को हार्दिक बधाई दी और उनके प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम का समापन सभी नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाओं, आशीर्वाद और आनंदमयी माहौल के साथ हुआ।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

