टीकमगढ़। राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज स्थानीय उत्सव भवन में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों ने वंदे मातरम् का सामूहिक गायन कर राष्ट्रीय गीत के एक वर्षीय स्मरणोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर श्रीमती सरोज राजपूत, विवेक चतुर्वेदी,अनुराग वर्मा,अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय, जिला पंचायत सीईओ नवीत कुमार धुर्वे, अपर कलेक्टर शिवप्रसाद मंडराह, संयुक्त कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह, डिप्टी कलेक्टर एसके तोमर, सुश्री अंजली शर्मा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों ने वंदे मातरम का सामूहिक गायन किया। सर्वप्रथम कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीमती सरोज राजपूत, कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने अतिथियों के साथ सरस्वती मां के चित्र पर माल्र्यापण कर किया। तत्पश्चात छात्राओं तथा कला परिषद दल द्वारा संगीतमय वंदे मातरम् गीत की प्रस्तुति दी, जिस पर जन प्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया। तदुपरांत नई दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा व सुना गया। इसीक्रम में जिले के तहसील,विकासखंड मुख्यालय तथा शासकीय,अशासकीय विद्यालय,महाविद्यालयों में भी वंदे मातरम् का संपूर्ण गायन किया गया। ज्ञातव्य है कि भारत सरकार द्वारा राष्ट्रगीत वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ को देश में 07 नवम्बर 2025 से 07 नवम्बर 2026 तक समारोहपूर्वक आयोजित किये जाने का निर्णय लिया गया है। वंदे मातरम् के एतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के दृष्टिगत वर्ष भर चार चरणों यथा प्रथम चरण 07 से 14 नवम्बर 2025 शुभारंभ, द्वितीय चरण 19 से 6 जनवरी 2025 गणतंत्र दिवस, तृतीय चरण 07 से 15 अगस्त हर घर तिरंगा अभियान के साथ तथा चतुर्थ चरण एक से 07 नवम्बर 2026 समापन सप्ताह में विविध गतिविधियां आयोजित की जायेंगी।

