प्रीति चौहान/ नर्मदापुरम/ हिंदू धर्म में तुलसी के पौधे को बहुत ही पवित्र पौधा माना जाता है। इसलिए अधिकतर घरों में तुलसी के पौधे को स्थान दिया जाता है। इस पौधे में रोजाना जल चढ़ाना और इसकी पूजा-अर्चना करना काफी शुभ होता है। मान्यता के अनुसार इस पौधे में साक्षात माता लक्ष्मी का वास होता है। इसलिए तुलसी के पौधे में जल चढ़ाने से घर में सुख-समृद्धि आती है। जबकि तुलसी के पौधे में रविवार और एकादशी तिथि के दिन जल चढ़ाना वर्जित माना गया है। मान्यता के अनुसार ऐसा इसलिए है, क्योंकि रविवार और एकादशी तिथि को माता तुलसी भगवान श्रीविष्णुजी के लिए निर्जल व्रत करती हैं। अगर रविवार और एकादशी तिथि को तुलसी में जल चढ़ाया जाये तो इससे माता तुलसी का व्रत खंडित हो जाता है। जिस कारण हमें भगवान विष्णु की कृपा दृष्टि भी प्राप्त नहीं हो पाती है। माना जाता है कि रविवार के दिन तुलसी के पौधे में जल अर्पित करने से जीवन में नकारात्मक शक्तियों का वास होता है। साथ ही ऐसा करने से घर में क्लेश बढ़ने की संभावना और सुख-समृद्धि का अभाव होने की दिकत भी हो सकती है।

