टीकमगढ़। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर कार्यक्रम 2025 के अंतर्गत आज कृषि महाविद्यालय टीकमगढ़ के सभाकक्ष में विधानसभा क्षेत्र-43 टीकमगढ़ के समस्त बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाईजर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, पटवारी, रोजगार सहायक का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विवेक श्रोत्रिय ने निर्देशित किया कि पटवारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं रोजगार सहायक गणना पत्रक वितरण, मतदाता सूची में मिलान सहित एसआईआर कार्य में बीएलओ का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ राजनैतिक दलों के बीएलए, बॉलेन्टियर, स्वयंसेवक, जागरूक मतदाताओं का सहयोग लेकर मतदान केन्द्र में गणना पत्रकों के बांटने, बापिस लेने तथा मतदाता सूची के मिलान का कार्य करें। साथ ही सभी बीएलओ अपने-अपने मतदान क्षेत्रों में घर-घर जाकर सत्यापन करें और मतदाता सूची में आवश्यक सुधार करें। इस दौरान मास्टर ट्रेनरों द्वारा सभी बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाईजर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, पटवारी, रोजगार सहायकों को सुव्यवस्थित ढंग से विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उनकी शंकाओं व जिज्ञासाओं का समाधान किया। इसके साथ ही मास्टर ट्रेनर्स ने निर्वाचन आयोग द्वारा बीएलओ एप में किये गये अपडेट के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा गणना पत्रकों में दर्ज की जाने वाली जानकारी के बारे में विस्तार से समझाया गया। उन्होंने बीएलओ द्वारा मतदाता की मोबाईल से जानकारी भरने के बारे में भी जानकारी दी। इस अवसर पर एसडीएम एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी टीकमगढ़ श्रीमती संस्कृति मुदित लटौरिया, तहसीलदार श्री सतेन्द्र सिंह गुर्जर, तहसीलदार बड़ागांव धसान श्री पलक जैन, सीएमओ नगर पालिका टीकमगढ़ श्री ओमपाल सिंह भदौरिया सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

