टीकमगढ़। मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव ने आज सिवनी के पाॅलिटेक्निक काॅलेज मैदान में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में प्रदेश की बहनो के खाते में 1500 रूपये की बड़ी हुई राशि अंतरित की। मुख्यमंत्री डाॅ. यादव प्रदेश की 1.26 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनो के खाते में 30वीं किस्त के रूप में कुल 1857 करोड़ रूपये की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की। इस दौरान टीकमगढ़ जिले की 02 लाख सात हजार से अधिक लाड़ली बहनों को कुल 305705000 रूपये राशि का वितरण किया गया। जिले की आंगनवाड़ी केन्द्रों में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा व सुना गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत दी जा रही मासिक आर्थिक सहायता राशि 1250 रूपये में 250 रूपये की वृद्धि कर 1500 रूपये मासिक आर्थिक सहायता राशि मिलने पर लाड़ली बहनों के चेहरों में खुशियों की लहर है। जिले की लाड़ली बहना श्रीमती अभिलाषा साहू, श्रीमती सुनीता राजपूत, श्रीमती मंजू चढ़ार, श्रीमती जुमनी बानो ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुये कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री और हमारे भैया डॉ. मोहन यादव ने बहनों से किये हुये वादे को पूरा करते हुये इस माह उनके खाते में 1500 रूपये की बड़ी हुई राशि अंतरित की। इसके लिये मुख्यमंत्री का हम सभी बहनें बहुत-बहुत आभार व्यक्त कर धन्यवाद देती हैं।

