टीकमगढ़। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने देवास जिले में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान भावांतर भुगतान योजना के अंतर्गत 233 करोड़ की राशि प्रदेश के 1.33 लाख किसानों के खाते में सिंगल क्लिक के माध्यम अंतरित की। इस दौरान भावांतर भुगतान योजना के अंतर्गत टीकमगढ़ जिले के 115 किसानों के खातों में भी 17 लाख 34 हजार 94 की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की गई है। जिले में जिला स्तरीय कार्यक्रम कृषि उपज मंडी ढोंगा में आयोजित किया गया। सर्वप्रथम श्रीमती सरोज राजपूत, श्री विवेक चतुर्वेदी, पूर्व विधायक टीकमगढ़ श्री राकेश गिरि गोस्वामी, भारतीय किसान संघ के अध्यक्ष श्री शिवमोहन गिरि तथा कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय ने मां सरस्वती के छायाचित्र समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान देवास जिले में आयोजित राज्य स्तरीय भावांतर भुगतान योजना कार्यक्रम का लाईव प्रसारण भी देखा व सुना गया। इस अवसर पर अन्य जनप्रतिनिधि, एसडीएम टीकमगढ़ श्रीमती संस्कृति मुदित लटौरिया सहित संबंधित अधिकारी मंडी सचिव सहित कृषक उपस्थित रहे।

