टीकमगढ़। म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला न्यायाधीश,अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती प्रवीणा व्यास के मार्गदर्शन में आज न्यायोत्सव सप्ताह के पांचवे दिवस प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय शमरोज खान के मुख्य आतिथ्य में श्रेया मानव कल्याण एवं ग्रामीण विकास समिति द्वारा संचालित बालगृह में विधिक साक्षरता, जागरूकता कार्यक्रम सह निरीक्षण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय टीकमगढ़ श्री शमरोज खान ने बाल गृह में रह रहे बच्चों से चर्चा की तथा उन्हें उनके अधिकारों से अवगत कराते हुए समझाईस दी कि वह बाल गृह से जाने के बाद अपनी शिक्षा को सुचारू रखें तथा एक अच्छे नागरिक के रूप में अपने आप को समाज में स्थापित करें। शिविर के माध्यम से बालकों को बच्चों का लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम एवं किशोर न्याय बालको की देख-रेख और संरक्षण अधिनियम, 2015 के बारे में बताया गया। उन्होंने शिविर के पश्चात बाल गृह का निरीक्षण कर भोजन, स्वास्थ्य सेवाएं, मनोरंजन के साधन, स्वच्छता व अन्य व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। साथ ही प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय द्वारा बाल गृह के बच्चों को पेन, काॅपी एवं अन्य शिक्षण सामग्री प्रदान कर पढ़ने हेतु प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्रीमती सुनीता गोयल, जिला विधिक सहायता अधिकारी अनुज कुमार चंसौरिया, सहित बाल गृह के संचालक अजय जैन सहित बच्चे उपस्थित रहें। इसी क्रम में जिला मुख्यालय पर संचालित एक निजी शिक्षण संस्थान के समन्वय से कलेक्ट्रेट के समीप स्थित स्थानीय एक गार्डन में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव श्रीमती सुनीता गोयल द्वारा पाॅक्सो एक्ट की जानकारी दी साथ ही बताया कि किसी भी बालक-बालिकाओं के साथ किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना हो तो उसे छिपाये नहीं बल्कि अपने माता-पिता एवं शिक्षक को जरूर बताएं ताकि भविष्य में ऐसे मामले की पुनरावृृति न हो सके। कार्यक्रम में शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009, गुड-टच वेड-टच, बच्चों का लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम एवं किशोर न्याय अधिनियम के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों द्वारा बाल दिवस के उपलक्ष्य में स्टाॅल लगाये गये जिनका अवलोकन किया गया। इस अवसर पर जिला विधिक सहायता अधिकारी अनुज कुमार चंसौरिया, विद्यालय की प्रिंसिपल तथा विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

