टीकमगढ़। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में थाना बुढ़ेरा परिसर में जनसंवाद कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के आमजन, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और पत्रकारगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। नागरिकों ने सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और जनसेवा से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव विस्तार से साझा किए और पुलिस प्रशासन से बेहतर सहयोग की अपेक्षाएँ व्यक्त कीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी श्री मंडलोई ने टीकमगढ़ पुलिस की “नवपहल” की जानकारी देते हुए बताया कि इन जनकल्याणकारी अभियानों का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक सुरक्षा, सहायता और विश्वास का मजबूत वातावरण स्थापित करना है। उन्होंने महिला सुरक्षा अभियान नीड, परी, भरोसा, सहारा, आसरा, युवा जोड़ो अभियान, जिला स्तरीय जनजागरण अभियान, मजनू अभियान, प्रतिभा सम्मान अभियान और जनसंवाद चौपाल जैसे प्रयासों को समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाली पहल बताया। उन्होंने कहा कि इन पहलों का सीधा प्रभाव जिले में देखने को मिल रहा है, जिसके परिणामस्वरूप महिला अपराधों में 37 प्रतिशत तथा जन चौपाल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों में 32 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। ये आंकड़े पुलिस और जनता के बीच निरंतर मजबूत होते भरोसे के प्रमाण हैं।
एसपी श्री मंडलोई ने अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस टीम द्वारा किए जा रहे सतत प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में सघन गश्त, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी, मुखबिर तंत्र को सुदृढ़ करने और नशे के कारोबार में शामिल तत्वों पर कठोर कार्रवाई जैसे उपाय लगातार जारी हैं। साथ ही जागरूकता शिविरों के माध्यम से नागरिकों को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुँचाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, जिससे अपराधों की रोकथाम में और भी तेजी आई है।
जनसंवाद के दौरान उपस्थित नागरिकों ने अपनी समस्याएँ और सुझाव सभी पहलुओं के साथ रखे, जिन्हें पुलिस अधीक्षक ने अत्यंत संवेदनशीलता, धैर्य और मानवीय दृष्टिकोण से सुना। उन्होंने सभी मुद्दों के शीघ्र एवं उचित समाधान का भरोसा दिया। उपस्थित जनों ने एसपी के संवादात्मक, सहज और समस्यामूलक कार्यशैली की सराहना करते हुए इसे एक सकारात्मक कदम बताया।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक द्वारा क्षेत्र की प्रतिभाशाली बालिकाओं को सम्मानित किया गया और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करते हुए मार्गदर्शन भी दिया। साथ ही थाना परिसर में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों के साथ वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा आमजन को एक पेड़ अवश्य लगाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी बुढ़ेरा उपनिरीक्षक मनोज यादव सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, पत्रकारगण और बुढ़ेरा थाना स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का समापन पारस्परिक विश्वास, सहयोग और जनसेवा को नई दिशा देने के संकल्प के साथ हुआ।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

