टीकमगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विराट संकल्प को मूर्त रूप देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ गया है, जिसमें वे श्री राम राजा सरकार की नगरी, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक वैभव से परिपूर्ण ओरछा को विश्व धरोहर के रूप में विकसित होते देखने का स्वप्न रखते हैं। इस स्वप्न को साकार करने के लिए केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया लगातार जुटे हुए हैं।
पूर्व में भी ओरछा विकास के लिए कई महत्वपूर्ण सौगातें दिला चुके केंद्रीय मंत्री सिंधिया के प्रयासों से अब ओरछा क्षेत्र को एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। मध्य प्रदेश शासन ने अपने अनुपूरक बजट में ओरछा–मडोर–चकरपुर मार्ग के चौड़ीकरण हेतु 40 करोड़ रुपए की राशि का प्रावधान किया है, जिससे इस मार्ग के विकास का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
यह पहल भाजपा नेता विकास यादव की उस मांग के अनुरूप है, जिसके आधार पर केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह को विस्तृत पत्र लिखकर न केवल ओरछा–मडोर–चकरपुर मार्ग, बल्कि जेरोन–नेगुवा–कामदवारा–रमपुरा मार्ग के उन्नयन एवं चौड़ीकरण की आवश्यकता पर जोर दिया था। इनमें से जेरोन–नेगुवा–कामदवारा–रमपुरा मार्ग को पूर्व में ही स्वीकृति मिल चुकी थी, और अब दूसरे प्रमुख मार्ग को भी बजट प्रावधान मिल गया है। अगले चरण में विभाग द्वारा प्रशासकीय स्वीकृति जारी होते ही टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ होगी और निर्माण कार्य धरातल पर उतर आएगा।
भाजपा नेता विकास यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि ओरछा–मडोर–चकरपुर मार्ग 19.40 किलोमीटर लंबा है तथा इसकी लागत 4061.94 लाख रुपए निर्धारित की गई है। उनका कहना है कि इस मार्ग के चौड़ीकरण से झांसी, सागर, भोपाल और ग्वालियर दिशा से आने वाले श्रद्धालुओं, विशेषकर श्री राम राजा सरकार के भक्तों और देश–विदेश से पहुंचने वाले पर्यटकों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। इससे क्षेत्रीय पर्यटन को भी नई गति मिलेगी और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि होगी।
इस बहुप्रतीक्षित मार्ग के लिए बजट का प्रावधान किए जाने पर भाजपा नेता विकास यादव ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया और लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार का यह निर्णय ओरछा के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। प्रेस को यह तमाम जानकारी भाजपा नेता विकास यादव ने व्हाट्सएप के माध्यम से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी है।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

