टीकमगढ़। जिले में कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने और थानों की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष मूल्यांकन करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार ने 07 दिसंबर की देर रात्रि थाना बुडेरा, बल्देवगढ़ एवं कोतवाली का औचक निरीक्षण किया। रात के सन्नाटे में अचानक पहुंचकर एसपी ने न केवल थानों की सुरक्षा व्यवस्थाओं परखी बल्कि पूरे परिसर का गहन अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मालखाना, रिकॉर्ड रूम, जरायम रजिस्टर सहित थाने में रखे बलवा ड्रिल उपकरण—जैसे बॉडीगार्ड, हेलमेट, जालियां, लाठियां आदि—की स्थिति और उपयोगिता की विस्तार से जांच की। यह आकस्मिक निरीक्षण पुलिस तैयारी और अनुशासन को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इसी दौरान डायल-112 में ड्यूटी पर तैनात आरक्षक क्रमांक 739 गुलबंद, चौकी देवरदा थाना बल्देवगढ़, को ड्यूटी के दौरान शराब सेवन किए हुए पाया गया। नियमों का उल्लंघन और पुलिस अनुशासन की इस गंभीर चूक पर एसपी आलोक कुमार ने तत्परता दिखाते हुए उक्त आरक्षक को पुलिस लाइन टीकमगढ़ संबद्ध कर दिया।
निरीक्षण में सामने आई कमियों को दूर करने तथा थानों की कार्यप्रणाली को और अधिक संवेदनशील एवं व्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाना प्रभारियों और स्टाफ को आवश्यक निर्देश भी प्रदान किए।
यह औचक निरीक्षण जिले में पारदर्शी, जवाबदेह और अनुशासित पुलिसिंग की दिशा में एक और सशक्त कदम साबित हुआ है।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

