टीकमगढ़। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय की अध्यक्षता में सोमवार 15 दिसंबर 2025 को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में टीएल बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने जिले में यूरिया खाद की वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। बताया गया कि जिले में यूरिया खाद की एक और रैक आ रही है, शेष आपूर्ति वाले क्षेत्र में आने वाली रैक से उसकी पूर्ति की जाएगी। जिले के प्रत्येक किसान तक उनके रकवा अनुसार खाद पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने जिले में ई-अटेन्डेन्स की प्रगति की समीक्षा करते हुए बताया कि यदि कोई शिक्षक नियमित रूप से ई-अटेन्डेन्स नहीं लगाता है एवं निरीक्षण के दौरान या शिकायत प्राप्त होने पर वह अनुपस्थित पाया जाता है तो उसपर नियमानुसार सख़्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने सभी अधिकारियों को निर्वाचन आयोग द्वारा दिए गए नवीन निर्देशों की जानकारी दी एवं सभी ईआरओ एवं एईआरओ एवं को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके नए मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने के निर्देश दिए उन्होंने बताया कि जिले के सभी नागरिक जो 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं वो अपने बीएलओ से संपर्क कर फॉर्म 6 प्राप्त करें एवं उसमें जानकारी भरकर ठस्व् के पास जमा कराएं ताकि मतदाता सूची में उनका नाम जोड़ा जा सके।
कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने सभी नगरीय निकायों के सीएमओ को निर्देश दिए कि पट्टा हेतु संभावित हितग्राहियों के सर्वे उपरांत सूची की गंभीरता से जांच की जाए एवं शासन के मापदंडो के अनुसार पात्र पाए जाने वाले हितग्राहियों को ही सूची में शामिल किया जाए। सभी सीएमओ सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र हितग्राही भूमि के अभाव में योजना से वंचित न रहे। उन्होंने निर्देशित किया कि ग्रामवार ऐसे किसानों की सूची तैयार की जाए जिनका अभी तक केसीसी नहीं बना है ऐसे किसानों को चिन्हित कर उनका केसीसी पंजीयन कराया जा एवं उन्हें केसीसी के लाभों से अवगत कराकर उन्हें मिलने वाले ऋण एवं सब्सिडी की जानकारी दी जाए। श्री श्रोत्रिय ने बताया कि 17 दिसंबर से जिले में दुग्ध संपर्क क्रांति अभियान के तीसरे चरण का प्रारंभ होने जा रहा है, जिसमें ऐसे किसान जिनके पास 5 से 9 पशुधन है, उनको पशु पोषण एवं नस्ल सुधार के लिए प्रोत्साहित किया जायेगा। उन्होंने राजस्व अधिकारियों,जनपद सीईओ एवं उपसंचालक पशुपालन विभाग को इस अभियान के क्रियान्वयन के लिए निर्देशित किया है। बैठक में प्रेजेंटेशन के माध्यम से स्वच्छता साथी-वॉश ऑन व्हील एसएस-डब्ल्यूओडब्ल्यू की जानकारी दी गई। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण अंतर्गत ग्रामों को ओडीएफ एवं ओडीएफ प्लस बनाए जाने हेतु घरेलू शौचालय एवं आवश्यकतानुसार सामुदायिक स्वच्छता परिसरों का निर्माण किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में निर्मित घरेलू,संस्थागत,सामुदायिक शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित किए जाने हेतु पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा मांग एवं पूर्ति के सिद्धांत पर स्वच्छता साथी-वॉश ऑन व्हील एसएस-डब्ल्यूओडब्ल्यू सेवा प्रारंभ की गई है। जिसके अंतर्गत ग्रामीणजन अपने घरेलू एवं संस्था प्रमुख संस्थागत शौचालयों की साफ-सफाई हेतु मांग कर सकते हैं। मांगकर्ता द्वारा की गई मांग को संबंधित ग्राम से संलग्न स्वच्छता साथी द्वारा पूर्ण किया जाता है। बैठक में कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने कलेक्टर,कमिश्नर कॉन्फ्रेंस में दिये गये निर्देशों की प्रगति के बारे मे सभी संबंधित विभागों की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को बिन्दुवार प्रगति की जानकारी समय पर प्रविष्टि करने के निर्देश दिये। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को आरसीएमएस के लंबित प्रकरणों की सूची तैयार कर सर्वाधिक लंबित प्रकरणों वाले ग्रामों में शिविर लगाकर निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम हेल्पलाईन की विभागवार समीक्षा की सभी विभागों को शिकायतों को उनके प्रकार के आधार पर चयन कर लंबित शिकायतों के निराकरण कर जानकारी संधारित करने के निर्देश दिये। तत्पश्चात श्री श्रोत्रिय ने कोर्ट प्रकरण,अवमानना प्रकरण, आयुष्मान भारत योजना, विभिन्न विभागों के अंतर्गत ई-केवाईसी की प्रगति, टीएल पत्रकों की विस्तार से समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। इस अवसर पर एसडीएम टीकमगढ़ श्रीमती संस्कृति मुदित लटौरिया, एसडीएम जतारा श्री संजय कुमार दुबे, डिप्टी कलेक्टर श्री सुशील कुमार तोमर एवं सुश्री अंजली शर्मा, सीएमएचओ श्री पीके माहौर, सिविल सर्जन डॉ. अमित शुक्ला, पीओडूडा सुश्री शिवि उपाध्याय, जिला लोक सेवा प्रबंधक श्री अमन गोयल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

