संवाददाता प्रवीण गौर//नर्मदा जयंती पर पर्यावरण संरक्षण गतिविधि का प्रेरणादायी संदेश
नर्मदा जयंती के पावन अवसर पर पर्यावरण संरक्षण गतिविधि, नगर नर्मदापुरम के अंतर्गत एक सराहनीय एवं अनुकरणीय पहल की गई। इस अवसर पर श्री चन्द्रमौली नर्मदेश्वर धाम मंदिर समिति एवं श्री चन्द्रमौली महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में माँ नर्मदा की पवित्रता एवं स्वच्छता बनाए रखने हेतु विशेष पर्यावरणीय प्रयास किया गया। माँ नर्मदा के नर्मदा प्रकट उत्सव के उपलक्ष्य में समिति एवं महिला मंडल की ओर से आटे से निर्मित 1100 पर्यावरण अनुकूल दीपकों का निर्माण कर उन्हें पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के अमित नामदेव जी को प्रदान किया गया। यह पहल नदी में प्लास्टिक व अन्य हानिकारक सामग्री के उपयोग को रोकने तथा माँ नर्मदा को प्रदूषण मुक्त रखने के उद्देश्य से की गई। इस पुनीत कार्य में सेक आशीष जी गीते, बबीता जी साहू, पंडित दीपक जी शर्मा, आर. बी. चौधरी एवं मनुहार दुबे की विशेष सहभागिता एवं मार्गदर्शन रहा। सभी ने मिलकर यह संदेश दिया कि धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण भी हमारा नैतिक दायित्व है। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि आटे से बने दीपक पूर्णतः प्राकृतिक एवं जैविक होते हैं, जो माँ नर्मदा की पवित्रता को अक्षुण्ण रखते हुए पर्यावरण संतुलन में भी सहायक सिद्ध होते हैं। यह पहल समाज के लिए एक प्रेरणास्रोत है कि पर्व एवं उत्सवों को भी पर्यावरण के अनुकूल तरीके से मनाया जा सकता है। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने इस अभिनव प्रयास की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे पर्यावरण हितैषी कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
