सिवनीमालवा। मध्य प्रदेश शासन स्कूल शिक्षा विभाग भोपाल एवं समग्र शिक्षा अभियान जिला शिक्षा अधिकारी नर्मदा पुरम के निर्देशानुसार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सोमलवाड़ा में प्राचार्य राममोहन रघुवंशी के मार्गदर्शन में स्कूल हेल्थ एवं वैलनेस कार्यक्रम के अंतर्गत कार्यशाला का आयोजन हुआ। कार्यशाला में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिवनी मालवा में कार्यरत उमंग स्वास्थ्य केंद्र के परामर्शदाता ईश्वर विश्नोई अतिथि वक्ता के रूप में शामिल हुए। आपने सर्वप्रथम मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
तत्पश्चात विद्यार्थियों को राष्ट्रीय किशोर कार्यक्रम, किशोरावस्था के परिवर्तन, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य, पास्को एक्ट, संचारी एवं असंचारी रोग, बॉडी मास इंडेक्स, संतुलित आहार, योग एवं प्राणायाम आदि विषयों पर विस्तार से जानकारी दी एवं किशोर विद्यार्थियों को व्यक्तिगत परामर्श दिया। उमंग स्वास्थ्य केंद्र में दी जाने वाली सेवाओं के बारे में बताकर मनहित एप्लीकेशन, जस्ट आस्क चेटबोट, टेली मानस हेल्पलाइन के प्रयोग संबंधी जानकारी दी। किशोरों के लिए वर्णित जीवन कौशल पर चर्चा करते हुए परीक्षा की तैयारियां संबंधी परामर्श दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के उमंग प्रभारी अखिलेश यादव एवं शिखा रघुवंशी, शिवशंकर चौधरी, वीरेंद्र यादव, मधु वर्मा, योगेंद्र मालवीय, आशीष यादव, सुनीता राजपूत, शिवम ठाकुर, शिवानी यादव,आदि उपस्थित रहे।
