प्रदीप गुप्ता/ नर्मदापुरम/ (भोपाल) श्री अयोध्यावासी वैश्य नगर, महिला मंडल तथा नवयुवक संघ की संयुक्त बैठक में श्री राम जानकी विवाह उत्सव के आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई। आयोजन के मुख्य संयोजक का दायित्व राजेंद्र गुप्ता राजू भैया तथा चल समारोह संयोजक का दायित्व शैलेश गुप्ता को दिया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि पूर्व परंपरा अनुसार आयोजन को धूमधाम से आयोजित किया जाए तथा इस बार समस्त हिंदू समाज एवं संगठनों को श्री राम बरात में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया जाए तथा समारोह को और भी ज्यादा गरिमामय स्वरूप देने का प्रयास किया जाए। पर्यावरण प्रदूषण नियंत्रण हेतु डिस्पोजल के स्थान पर भंडारे में स्टील के बर्तनों का उपयोग किया जाए। भगवान राम की भव्य बारात 28 नवंबर को दोपहर 2:00 बजे श्री राम जानकी मंदिर से प्रारंभ होकर सोमवारा, जनकपुरी, छोटे भैया कॉर्नर, हनुमानगंज, मंगलवारा, इतवारा रोड, चौक बाजार होते हुए वापस लखेरापूरा स्थित श्री राम जानकी मंदिर पहुंचेगी। जहां पर जनक जी एवं उनके परिवार द्वारा द्वारा भव्य राम बारात का स्वागत किया जावेगा । परंपरा अनुसार ही श्री राम जानकी जी का परिणय विधिवत संपन्न होगा। साथ ही निर्णय लिया गया कि प्रतीकात्मक वरमाला के स्थान पर यदि समाज के किसी बेटे बेटी का संबंध तय होता है तो उस जोड़े का विवाह श्री राम जानकी जी के स्वरूप में धूमधाम से संपन्न किया जावेगा तथा संपूर्ण परिवार को सम्मानित भी किया जावेगा।

