प्रशासन सख्त: घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग किया तो होगी FIR, एसडीएम ने दी कड़ी हिदायत I
नर्मदापुरम। कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना के निर्देशन में गुरुवार को अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) श्री जय सोलंकी ने गैस एजेंसी संचालकों और होटल व्यवसायियों की एक महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक का मुख्य उद्देश्य एलपीजी वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाना और घरेलू गैस की कालाबाजारी पर पूरी तरह लगाम कसना रहा।
होटल-रेस्टोरेंट संचालकों को अंतिम चेतावनी
एसडीएम श्री जय सोलंकी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कमर्शियल गैस की आपूर्ति में आ रही दिक्कतों का बहाना बनाकर यदि किसी भी होटल, ढाबे या मैरिज गार्डन में घरेलू (लाल) सिलेंडर का उपयोग मिला, तो संबंधित संचालक के विरुद्ध तत्काल FIR दर्ज कराई जाएगी। इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गैस एजेंसियों पर भी गिरेगी गाज
कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन ने एजेंसियों को भी रडार पर लिया है। एसडीएम ने निर्देश दिए कि:
-
यदि किसी हॉकर या वितरक की मिलीभगत से घरेलू सिलेंडर कमर्शियल उपयोग के लिए डाइवर्ट होते पाए गए, तो संबंधित एजेंसी का लाइसेंस निरस्त करने का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।
-
पोर्टल और सर्वर की समस्याओं के कारण जो तकनीकी बाधाएं आई थीं, उनका समाधान कर सप्लाई को जल्द सुचारू किया जाएगा।
आम जनता से अपील: “पैनिक न हों, सबको मिलेगी गैस”
एसडीएम ने नागरिकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि शहर में गैस की कोई कमी नहीं है। बुकिंग और डिलीवरी में हो रही देरी का कारण केवल तकनीकी (सर्वर डाउन) था, जिसे ठीक किया जा रहा है। उन्होंने जनता से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की घबराहट (Panic) में न आने की अपील की है।
बैठक में उपस्थिति: इस महत्वपूर्ण बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट, जिला आपूर्ति अधिकारी (DSO), कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी (JSO) सहित शहर की सभी गैस एजेंसियों के संचालक, प्रमुख होटल एवं मैरिज हॉल संचालक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने व्यवसायियों द्वारा उठाई गई व्यावहारिक चुनौतियों और बिजली संबंधी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन भी दिया।

पत्रकार-कुणाल पासवान
Mob-7581988260

