नर्मदापुरम पुलिस को मिली ‘मोबाइल फॉरेंसिक वैन’ की सौगात: अब घटना स्थल पर ही जुटाए जाएंगे पुख्ता वैज्ञानिक साक्ष्य I
नर्मदापुरम। जिला पुलिस की जांच प्रणाली को और अधिक हाईटेक और आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। नर्मदापुरम पुलिस को नई ‘मोबाइल फॉरेंसिक वैन’ की सौगात मिली है, जो अपराधों की गुत्थी सुलझाने में मील का पत्थर साबित होगी। गुरुवार को पुलिस लाइन में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरण सिंह (साई कृष्णा थोटा) ने इस वाहन का विधिवत पूजन कर इसे विभाग को समर्पित किया।
हाईटेक उपकरणों से लैस होगी वैन, साथ रहेंगे डॉक्टर
इस मोबाइल फॉरेंसिक वैन की सबसे बड़ी विशेषता इसकी गतिशीलता और आधुनिकता है। अब किसी भी गंभीर अपराध की सूचना मिलने पर यह वैन सीधे मौके पर पहुंचेगी।
-
तत्काल साक्ष्य: वैन में वैज्ञानिक जांच के लिए आवश्यक सभी आधुनिक उपकरण मौजूद हैं, जिससे मौके पर ही फिंगरप्रिंट, डीएनए सैंपल और अन्य साक्ष्य सुरक्षित किए जा सकेंगे।
-
विशेषज्ञ टीम: इस वैन के साथ एक डॉक्टर और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम भी तैनात रहेगी, जो घटना स्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर वैज्ञानिक रिपोर्ट तैयार करेगी। इससे साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ की गुंजाइश खत्म होगी और अपराधियों को सजा दिलाने में आसानी होगी।
पुलिस टीम में नया 6-सीटर वाहन भी शामिल
फॉरेंसिक वैन के साथ ही एक नए 6-सीटर पुलिस वाहन का भी पूजन किया गया। यह वाहन पुलिस के दैनिक कार्यों और त्वरित रिस्पांस टीम के उपयोग के लिए विभाग को प्राप्त हुआ है। इन नए वाहनों के शामिल होने से पुलिस की कार्यक्षमता और गश्त व्यवस्था में सुधार होगा।
वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामय उपस्थिति
वाहन पूजन के इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन, रक्षित केंद्र निरीक्षक स्नेहा चंदेल, सिवनी मालवा थाना प्रभारी निरीक्षक सुधाकर बारस्कर सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
एसपी साई कृष्णा ने बताया कि फॉरेंसिक वैन की मदद से पुलिस अब वैज्ञानिक आधार पर विवेचना को और अधिक मजबूत कर सकेगी, जिससे न्याय प्रक्रिया में तेजी आएगी।

पत्रकार-कुणाल पासवान
Mob-7581988260

