दहशत फैलाने वालों पर पुलिस का प्रहार: चाकूबाजी के आरोपी का शहर में निकाला जुलूस I
इटारसी। शहर के शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने वाले अपराधियों के विरुद्ध इटारसी पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। बालाजी मंदिर क्षेत्र (भाट मोहल्ला) में चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना को अंजाम देने वाले आरोपी रोहित राजवंशी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
अपराध का खौफ खत्म करने सड़क पर उतरी पुलिस
आमजन के मन से अपराधियों का डर निकालने और बदमाशों में कानून का भय पैदा करने के उद्देश्य से, पुलिस ने आज आरोपी रोहित राजवंशी का शहर की मुख्य सड़कों पर जुलूस निकाला। इस दौरान भारी पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस की इस कार्रवाई को देखकर बाजार और रिहायशी इलाकों में चर्चा रही कि अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
क्या था मामला?
उल्लेखनीय है कि आरोपी रोहित राजवंशी ने भाट मोहल्ला क्षेत्र में चाकूबाजी की वारदात को अंजाम दिया था, जिसके बाद से ही पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी। मुखबिर की सूचना और सक्रियता के चलते पुलिस ने उसे दबोचने में सफलता प्राप्त की।
कोर्ट में किया जाएगा पेश
थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही पूर्ण कर ली गई है। आज पुलिस उसे माननीय न्यायालय में पेश करेगी। पुलिस प्रशासन का कहना है कि शहर में गुंडागर्दी और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों पर इसी तरह की कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

