टीकमगढ़। महिला एवं बाल विकास विभाग टीकमगढ़ एवं प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में समर कैंप 2026 “स्कूल की तैयारी अभियान” के अंतर्गत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिले के चारों विकासखंड — टीकमगढ़, जतारा, पलेरा एवं बल्देवगढ़ — की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन की टीम से लेखन, कृष्णा, स्नेहलता, साक्षी, रहीस एवं आशीष त्रिपाठी द्वारा बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा एवं विकास से संबंधित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी एवं सुपरवाइजर भी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षकों ने स्कूल रेडीनेस मेले की प्रक्रिया को विस्तार से समझाते हुए बच्चों के शारीरिक, मानसिक, भाषाई एवं सामाजिक विकास के प्रमुख पहलुओं पर जानकारी दी। साथ ही समुदाय आधारित गतिविधियों एवं खेल-आधारित शिक्षण पद्धति पर भी चर्चा की गई।
प्रशिक्षकों ने बताया कि बच्चों को स्कूल में प्रवेश से पहले सीखने के अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है, जिससे उनमें बुनियादी समझ एवं आत्मविश्वास विकसित हो सके। इसी उद्देश्य से 26 मई 2026 को जिले के टीकमगढ़, जतारा, पलेरा एवं बल्देवगढ़ विकासखंडों के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर “स्कूल रेडीनेस मेला” आयोजित किया जाएगा।
मेले में बच्चों की सीखने की तैयारी का आकलन किया जाएगा तथा माताओं एवं अभिभावकों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी। उन्हें बच्चों के सर्वांगीण विकास से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी, ताकि घर पर भी बच्चों के लिए बेहतर शिक्षण वातावरण तैयार किया जा सके।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

