टीकमगढ़। बच्चों की प्रतिभाओं को पहचान देकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने तथा समाज में सकारात्मक ऊर्जा एवं आत्मविश्वास का वातावरण निर्मित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ श्री मनोहर सिंह मंडलोई की प्रेरणादायी नव पहल “प्रतिभा सम्मान अभियान” के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिले के कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 24 मेधावी विद्यार्थियों को पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त कर विद्यार्थियों के चेहरे पर उत्साह, आत्मविश्वास एवं नई ऊर्जा स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनके भविष्य के लक्ष्य, सपनों एवं रुचियों के बारे में चर्चा की। उन्होंने बच्चों को निरंतर मेहनत, अनुशासन, सकारात्मक सोच एवं आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल सफलता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार, जागरूक एवं संवेदनशील नागरिक बनने की आधारशिला भी है। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक अपने अनुभव एवं विचार साझा किए, जिससे कार्यक्रम का वातावरण अत्यंत प्रेरणादायी एवं आत्मीय बना रहा।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा और मेहनत समाज के लिए प्रेरणा है तथा हर बच्चे की उपलब्धि को पहचान और सम्मान मिलना आवश्यक है। इस पहल से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास के साथ बेहतर भविष्य के प्रति नई आशा और उत्साह का संचार हो रहा है।
उल्लेखनीय है कि पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई की नव पहल पर संचालित “प्रतिभा सम्मान अभियान” के तहत शिक्षा, खेल एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को लगातार सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत अब तक जिले की 666 से अधिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया जा चुका है।
कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक कनक सिंह चौहान सहित महिला प्रकोष्ठ से रानू विश्वकर्मा, कीर्ति बुंदेला एवं मानसी तिवारी उपस्थित रहीं।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

